अत्यंत मार्मिक -गवर्नर के साथ प्लेन से आई महिला को नहीं मिला स्ट्रेचर, चादर में लपेट ले गए अस्पताल

0

नई दिल्ली 9 सितम्बर 2022 (नवीन चन्द्र पोखरियाल)

झारखंड की राजधानी रांची के एयरपोर्ट पर बीमार महिला मरीज को स्ट्रेचर की जगह चादर में लपेट कर एंबुलेंस तक ले जाने का मामला सामने आया है। दिल को झकझोर देने वाली ये तस्वीर रांची एयरपोर्ट की है। यहां स्ट्रेचर न मिलने पर एक बीमार महिला यात्री को चादर में लपेटकर एंबुलेंस तक ले जाया गया। जबकि यहां रिम्स की ओर से चिकित्सक और चिकित्साकर्मी रहते हैं। बताया जा रहा है कि इसी विमान से गवर्नर भी पहुंचे थे।

मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली से रांची इंडिगो कि विमान में एक महिला मरीज को लाया गया। महिला बीमार थी। जिसे रांची के बरियातू स्थित पल्स अस्पताल में भर्ती कराना था। मरीज की स्थिति इतनी अच्छी नहीं थी कि वह चल सके। इंतजार के बाद भी स्ट्रेचर न मिलने पर परिवार के लोगों ने चादर का सहारा लिया। एंबुलेंस तक महिला को चादर में लपेटकर में ले गए।

जिम्मेदारों ने साधी चुप्पी

हैरानी की बात यह है कि एयरपोर्ट पर रिम्स अस्पताल की ओर से चिकित्सक और चिकित्सा कर्मी रहते हैं। बावजूद इसके एयरपोर्ट से मरीज को एंबुलेंस तक ले जाने के लिए स्ट्रेचर या व्हीलचेयर के बदले मरीज को चादर में लपेट कर ढोया गया। मामले में बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से जुड़े अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। एयरपोर्ट के निदेशक एल के अग्रवाल मामले पर बोलने से बचते नजर आए। एयरपोर्ट की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ के कुछ जवान भी अन्य लोगों के साथ मिलकर बीमार महिला यात्री को बेड शीट में लपेट कर एंबुलेंस तक ले जाते दिखे।

महिला दिल्ली से रांची लौटी थी और यात्रा से पहले ही बीमार थी। रांची पहुंचने पर महिला बेहोश हो गईं। उसके बाद परिजनों के साथ एयरपोर्ट सुरक्षाकर्मियों ने आनन-फानन में महिला को चादर में लपेटकर एंबुलेंस तक पहुंचाया और अस्पताल ले गए।

आपको बता दें कि रांची एयरपोर्ट को ग्राहकों की संतुष्टि के मामले में देश के 55 एयरपोर्ट में पहला स्थान प्राप्त हुआ है। बीते जुलाई में 70 घरेलू एयरपोर्ट में से सबसे ज्यादा 171636 यात्रियों का रांची एयरपोर्ट पर आना जाना हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये भी पढ़ें