इस देश में ये कैसे नेता, महामहिम को भी नहीं बख्शा -‘अधीर रंजन चौधरी पेश हों’,महिला आयोग ने कांग्रेस नेता को भेजा नोटिस, ‘राष्ट्रपत्नी’ कह कर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का किया था अपमान

नई दिल्ली 28 जुलाई 2022 (नवीन चन्द्र पोखरियाल, सचित गौतम)
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी द्वारा महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए ‘राष्ट्रपत्नी’ शब्द का इस्तेमाल किए जाने पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने उन्हें नोटिस भेजा है। ‘राष्ट्रपत्नी’ वाले विवाद पर राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी को व्यक्तिगत रूप से पेश होने और अपनी टिप्पणी के लिए लिखित स्पष्टीकरण देने के लिए एक नोटिस भेजा है। इस मामले में 3 अगस्त को सुबह 11:30 बजे सुनवाई की जाएगी।

राष्ट्रीय महिला आयोग ने भेजा नोटिस
रिपोर्ट्स के मुताबिक, राष्ट्रीय महिला आयोग और 12 राज्य महिला आयोगों ने गुरुवार (28 जुलाई, 2022) को कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी द्वारा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ‘राष्ट्रपत्नी’ कहने पर उनकी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि यह टिप्पणी बेहद अपमानजनक और सेक्सिस्ट है।
एनसीडब्ल्यू की चेयरपर्सन रेखा शर्मा ने ट्विटर पर कहा, “राष्ट्रीय महिला आयोग और विशाखापत्तनम की बैठक में मौजूद 12 राज्य महिला आयोग की महिलाओं ने अधीर रंजन चौधरी द्वारा भारत की राष्ट्रपति के लिए की गई अपमानजनक और सेक्सिस्ट टिप्पणी की निंदा की है। राष्ट्रीय महिला आयोग उन्हें समन भेज रहा है।” उन्होंने कहा कि 12 राज्य महिला आयोग में आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और त्रिपुरा के आयोग शामिल हैं। शर्मा ने अपने पोस्ट के साथ एक संयुक्त बयान को भी टैग किया है।
इसमें लिखा है, “राष्ट्रीय महिला आयोग और सभी राज्य महिला आयोग अधीर रंजन चौधरी की कड़ी निंदा करते हैं, उन्होंने भारत की माननीय राष्ट्रपति को ‘राष्ट्रपत्नी’ कहा है। उनके शब्द बेहद अपमानजनक और सेक्सिस्ट हैं।” बयान में यह भी कहा गया है, “हम सही सोच रखने वाले लोगों से उनके अपमानजनक शब्दों की कड़ी से कड़ी निंदा करने का आह्वान करते हैं।”
बीजेपी ने की कड़ी निन्दा
आपको बता दें कि कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी द्वारा राष्ट्रपति पर दिए बयान को लेकर बीजेपी ने आज लोकसभा में जोरदार तरीके से विरोध किया। बीजेपी ने कहा कि कांग्रेस आदिवासी और गरीब, महिला विरोधी है। भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने इसे देश का अपमान बताया है। स्मृति ईरानी ने कहा कि जब से द्रौपदी मुर्मू का नाम राष्ट्रपति के उम्मीदवार के रूप में घोषित हुआ है तभी से द्रौपदी मुर्मू कांग्रेस पार्टी की घृणा और उपहास का शिकार हो रही हैं। राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने के बाद भी उनके खिलाफ हमले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं।
ये थे अधीर रंजन चौधरी के बेतुके बोल
संसद भवन परिसर में कांग्रेस का प्रदर्शन चल रहा था, तभी पत्रकारों के सवाल पर जवाब देते हुए कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति के लिए ‘राष्ट्रपत्नी’ शब्द का इस्तेमाल किया। एक पत्रकार ने पूछा था कि कल आप राष्ट्रपति भवन जा रहे थे, जाने नहीं दिया गया। इसके जवाब में कांग्रेस नेता ने कहा कि आज भी जाने की कोशिश करेंगे। इसके बाद चौधरी ने कहा कि हिंदुस्तान की राष्ट्रपति सबके लिए है। हिंदुस्तान की ‘राष्ट्रपत्नी’ सबके लिए है। हमारे लिए क्यों नहीं। अब इसी को लेकर भाजपा अब हमलावर है।
अब अधीर रंजन चौधरी ने ये स्पष्टीकरण दिया
विपक्ष बौखलाहट में लोकतंत्र की मर्यादाओं को तार-तार कर रहा उसे इतना अनुसंधान भी नहीं है कि महामहिम देश के प्रथम नागरिक होते हैं। पूर्व में आरजेडी के तेजस्वी यादव व मृत्युंजय तिवारी की टिप्पणियां खेदजनक थीं व अब कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी की ओर से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपत्नी कहकर संबोधित किए जाने वाले बयान पर विवाद खड़ा हो गया है। बीजेपी ने करारा हमला किया है। इस बीच राष्ट्रपति को लेकर की गई टिप्पणी पर अधीर रंजन ने सफाई पेश की है। उन्होंने कहा है, ‘दो दिन से जब हम विजय चौक के तरफ जा रहे थे। हमसे पूछा जा रहा था कि आप कहा जा रहे हैं? हम उनसे कह रहे थे कि हम राष्ट्रपति भवन जाना चाहते हैं और राष्ट्रपति से मिलना चाहते हैं। कल मुझसे गलती से ये (राष्ट्रपत्नी) शब्द निकला था। मैं जानता हूं कि भारत की राष्ट्रपति चाहे कोई भी हो वे हमारे लिए राष्ट्रपति ही हैं। ये शब्द बस एक बार निकला है। ये चूक हुई है। लेकिन सत्ताधारी पार्टी के कुछ लोग राई का पहाड़ बना रहे हैं। एक बार निकल गया तो अब क्या करें? मुझे फांसी पर लटका दो। बीजेपी पर मुझे कुछ नहीं कहना।’ मैं सजा भुगतने के लिए तैयार हूं, लेकिन सोनिया गांधी को इस मामले में क्यों घसीटा जा रहा है?’
सोनिया गांधी ने क्या कहा
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इस मसले पर अधीर रंजन चौधरी से लोकसभा के पटल पर अपना पक्ष रखने और खेद जताने को कहा है। कांग्रेस पार्टी के नेता ने लोकसभा अध्यक्ष से उनके बयान के लिए उन पर लगे आरोपों पर उन्हें सदन के पटल पर बोलने का मौका देने का अनुरोध किया है। उन्होंने इस पर एक पत्र दिया है।
इस बीच केंद्रीयमंत्री व बीजेपी की नेता स्मृति ईरानी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अधीर रंजन चौधरी को आड़े हाथ लिया है। उन्होंने कहा, ‘द्रौपदी मुर्मू जी की जब से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में घोषणा हुई है, तब से लेकर द्रौपदी मुर्मू कांग्रेस पार्टी की घृणा और उपहास का केंद्र बनी हुई हैं। उम्मीदवार के रूप में कांग्रेस पार्टी ने द्रौपदी मुर्मू जी को कठपुतली कहा, अशुभ और अमंगल का प्रतीक कहा।’
उन्होंने कहा, ‘एक ऐतिहासिक चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस आज भी इस बात को स्वीकार नहीं कर पा रही है कि एक आदिवासी गरीब महिला देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद को सुशोभित कर रही है।