अमृतपाल सिंह पहुंचा दिल्ली, हाई अलर्ट पर पुलिस, पंजाब पुलिस ने खंगाले 100 सीसीटीवी

0

नई दिल्ली। वारिस पंजाब दे के प्रमुख खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह की तलाश आठवें दिन भी जारी है। इस बीच पंजाब पुलिस की कुछ टीमें दिल्ली पहुंची हैं। हाल ही में पंजाब पुलिस ने दावा किया था कि पंजाब से फरार हुआ अमृतपाल सिंह को हरियाणा में देखा गया है। जिसके बाद इनपुट के आधार पर पंजाब पुलिस दिल्ली पुलिस की मदद से कश्मीरी गेट आईएसबीटी पर सर्च ऑपरेशन चला रही है। बताया जा रहा है अमृतपाल ने खुद की पहचान छिपाने के लिए साधु का रूप धारण कर लिया है।

पंजाब पुलिस ने क्या कहा

पंजाब पुलिस ने अमृतपाल के दिल्ली में मौजूद होने की आंशका जताई है। इस दौरान शुक्रवार दोपहर 1:30 बजे पंजाब पुलिस कश्मीर गेट अंतरराज्यीय बस अड्डा पर पहुंची। इसके बाद पुलिस ने दिल्ली पुलिस की मदद से कश्मीरी गेट इलाके के आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की है। कुछ फुटेज पंजाब पुलिस अपने साथ ले भी गई है। इस मामले में दिल्ली पुलिस के अधिकारी ज्यादा जानकारी नहीं दे रहे हैं।

बताया जा रहा है अमृतपाल छिपते- छिपाते दिल्ली तक पहुंच गया है। दिल्ली में उसके आने की खबरें मिलते ही पुलिस अलर्ट पर है। इसके अलावा दिल्ली की सीमाओं पर भी अलर्ट जारी कर दिया है। इंटेलिजेंस के इनपुट के अनुसार अमृतपाल सिंह साधु के भेष में छिपा हो सकता है। इसके अलावा उसके साथ पपलप्रीत सिंह नाम का एक शख्स भी सफर कर रहा है।

महिला बलजीत ने क्या कहा?

वहीं इससे पहले हरियाणा में अमृतपाल को पनाह देने वाली महिला बलजीत ने बताया था कि वह अमृतपाल को नहीं जानती थी लेकिन पप्पलप्रीत को जानती थी। उसने यह भी कहा कि अमृतपाल के नकाब हटाने पर वह उसे पहचान गई थी। पूछताछ पर बलजीत ने बताया था कि अमृतपाल ने उसका फोन भी इस्तेमाल किया था। इसके बाद अमृतपाल और पप्पलप्रीत उसके घर से निकल गए थे।

बता दें, खालिस्तानी नेता अमृतपाल सिंह को पकड़ने के लिए पंजाब पुलिस ने 18 मार्च को तलाशी अभियान शुरू किया था। तलाशी के दौरान अभी तक पंजाब पुलिस 207 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इसमें 30 के खिलाफ ठोस आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के सबूत मिले है। इसके अलावा 5 लोगों के खिलाफ एनएसए लगाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये भी पढ़ें