भारतीय जनता पार्टी को पंजाब में बडा झटका,उपाध्यक्ष ने दिया इस्तीफ़ा, काग्रेस में करेगे वापसी

चंडीगढ (आज़ाद वार्ता)

पंजाब में भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री राज कुमार वेरका ने शुक्रवार को पार्टी छोड़ने का ऐलान किया। साथ ही उन्होंने कांग्रेस में वापसी की भी घोषणा की है।
पंजाब की राजनीति में एक प्रमुख दलित चेहरे के तौर पर अपनी पहचान बनाने वाले वेरका ने कहा, ”मैंने भाजपा में शामिल होकर गलती की और अब इसे सुधारने जा रहा हूं। आज मैं घर वापसी के लिए नई दिल्ली के लिए रवाना हो रहा हूं। लौटकर कांग्रेस के मंच से मीडिया से बात करूंगा।”

वेरका पिछले साल 5 जून को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में नई दिल्ली में अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ भगवा पार्टी में शामिल हुए थे। वह 2012 से 2022 तक अमृतसर पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र (एससी) से विधायक चुने गए। इससे पहले वह 2002 में वेरका सीट से विधायक चुने गए थे। वह पंजाब सरकार में सामाजिक न्याय मंत्री के रूप में कैबिनेट मंत्री का पद भी संभाला।

इसके अलावा उन्होंने पिछली कांग्रेस सरकार में विभिन्न राज्य निगमों के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी संभाली।

उन्होंने कहा, ”कांग्रेस के विपरीत भाजपा समाज के सभी वर्गों को समायोजित करने में सक्षम नहीं है। इसलिए अपनी पुरानी पार्टी छोड़ना मेरी गलती थी।” विशेष रूप से अमृतसर में अनुसूचित जाति समुदाय में काफी प्रभाव रखने वाले वेरका ने कहा, “मेरे सभी सहयोगी भी मेरे साथ कांग्रेस में लौट रहे हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *