ओडिशा से बड़ी खबर -ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री पर एएसआई ने दागी 5 गोलियाँ, सीने के हुईं आर-पार, हमलावर एएसआई मंत्री की सुरक्षा में था तैनात

0

नई दिल्ली 29 जनवरी 2023 (नवीन चन्द्र पोखरियाल)

ओडिशा से एक बड़ी खबर सामने आई है।ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नब किशोर दास उर्फ नाबा दास  को झारसुगुड़ा जिले के ब्रजराजनगर इलाके में रविवार (29 जनवरी 2023) को गोली मार दी गई।हमलावर पुलिस की वर्दी में था। हमलावर ओडिशा पुलिस का एएसआई है और मंत्री की सुरक्षा में तैनात था।

ब्रजराजनगर के एसडीपीओ गुप्तेश्वर भोई ने कहा कि गाँधी चौक पुलिस अधिकारी गोपाल दास ने स्वास्थ्य मंत्री नव किशोर दास को गोली मारी है। आरोपित एएसआई को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसडीपीओ भोई के अनुसार, एएसआई ने सरकारी रिवॉल्वर से गोली मारी है। इस हमले में एक और व्यक्ति के घायल होने की खबर है।

स्वास्थ्य मंत्री नाबा दास रविवार (29 जनवरी 2023) को ब्रजराजनगर नगरपालिका के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के दो नए कार्यालय भवनों का उद्घाटन करने पहुँचे थे। जब वे अपनी गाड़ी से उतर रहे थे, उसी वक्त पास में खड़े एएसआई गोपाल दास ने उन पर गोलियाँ चलानी शुरू कर दीं। गोलियाँ उनके सीने से सटाकर चलाई गईं।

एसडीपीओ भोई के अनुसार, आरोपित गोपाल दास ने नाबा दास पर 6 राउंड गोलियाँ चलाईं, जिनमें से उन्हें पाँच गोली लगी है। दो गोली उनके सीने में लगने की बात सामने आ रही है और वे सीने से आर-पार हो गई है। गोली गलते ही वे वहीं गिर पड़े। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब बड़े अस्पताल में भर्ती करने की व्यवस्था की जा रही है।

हमले के पीछे की वजह का अभी खुलासा नहीं हुआ है। आरोपित पुलिस अधिकारी को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। यह हमला सुनियोजित माना जा रहा है। इसके पीछे कौन है, यह पुलिस और अन्य एजेंसियाँ पता लगाने की कोशिश कर रही हैं। मामले की जाँच की जिम्मेदारी क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है।

आपको बता दें कि यह प्रदेश में मंत्री पर हमला करने का पहला मामला नहीं है। इसके पहले कानून मंत्री पर भी हमला हो चुका है। ओडिशा के तत्कालीन कानून मंत्री महेश्वर मोहंती पर 21 फरवरी 2014 को पुरी में दो गोली मारी गई थी। हालाँकि, वे इस हमले में बाल-बाल बच गए थे।

झारसुगुड़ा से बीजू जनता दल के नेता और मुख्यमंत्री बीजू पटनायक के करीबी नव किशोर दास पिछले दिनों खबरों में थे। उन्होंने कथित तौर पर महाराष्ट्र के शनि शिंगणापुर मंदिर को 1.7 किलोग्राम सोने और 5 किलोग्राम चाँदी से बने कलश का दान किया था।

नव किशोर दास ने झारसुगुड़ा विधानसभा क्षेत्र से 2004 में पहली बार कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़े थे, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद 2009 में वे फिर कॉन्ग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़े और जीते। साल 2014 के चुनाव में भी दास कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज की। साल 2019 के चुनाव से पहले वे बीजेडी विधायक चुने गए।

बीजेडी के वरिष्ठ नेता प्रसन्ना आचार्य ने कहा, “फोन पर खबर मिलने के बाद हम स्तब्ध हैं। इस हमले में कौन शामिल है और ऐसा क्यों हुआ, अभी यह कहना जल्दबाजी होगी। हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। हम इस घटना की निंदा करते हैं और पुलिस विस्तृत जाँच करेगी।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *