कांग्रेस कहती थी बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है, आप भी इन्हें हिलाओ, पंजाब में बोले जेपी नड्डा

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को पंजाब में बड़ी रैली करके पार्टी के लिए चुनाव में जनसमर्थन मांगा। नवांशहर के बलाचौर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने सत्ताधारी दल कांग्रेस पर जमकर राजनीतिक हमले किए।
नड्डा ने कहा कि कांग्रेस के हाथ 1984 सिख दंगों के खून से रंगे हुए हैं। वर्ष 1984 में कांग्रेस के एक बड़े नेता ने सिखों के कत्लेआम पर कहा था कि जब कोई बड़ा पेड़ गिरता है तो थोड़ी बहुत तो हलचल होती ही है। सिखों को लेकर कांग्रेस की जो सोच पहले थी, वह आज भी है। ये आप के सामने वोट मांगने के लिए आए हैं। अब आप भी इनको हिलाओ।
उन्होंने कहा कि पंजाब में हजारों लोग आतंकवाद के दौर में मौत के घाट उतार दिए गए। पंजाब को आतंकवाद के दौर में डालने वाली कांग्रेस ही थी। कई परिवार इस दौरान हजारों परिवार उजड़ गए। लोग पंजाब को छोड़कर अन्य राज्यों में बसने लगे थे। लोगों को यह बात भूलनी नही चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब की धरती पीरों फकीरों की धरती है, शहीदों की धरती है। पवित्र धरती है। इस धरती पर आना अपने आप में सौभाग्य की बात है। देश की आजादी से लेकर पंजाब की सुरक्षा तक पंजाब के वीरों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया है। यह प्रदेश बलिदान के लिए जाना जाता है। यह क्षेत्र शहीद भगत सिंह का क्षेत्र है। मैं इसको नमन करता हूं।
एक मौका दीजिए, गुजरात और हरियाणा जैसा विकास करेंगे
जेपी नड्डा ने कहा कि हमें एक मौका दीजिए और हम पंजाब में वैसे ही काम करेंगे जैसे हमने हरियाणा, गुजरात और यूपी में किया है। अगर हम आतंकवाद के खिलाफ जीरो टालरेंस चाहते हैं तो हमें पंजाब में कमल खिलाना होगा। बीजेपी एक आजमाई हुई पार्टी है। ‘नरेंद्र मोदी’ नाम ‘विकास’ का पर्याय है।
नड्डा ने कहा कई पार्टियों व नेताओं ने पंजाब के सिखों के बारे में बड़ी बड़ी बातें की हैं पर किसी ने कभी सिख, हिंदू-सिख भाईचारे की बात नहीं की। उन्होंने कहा कि क्या इससे पहले दिल्ली दरबार में सिख नेता नही थे। पंजाब की बात तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की है। प्रदेश के सभी गुरुद्वारों में लंगर पर से टैक्स प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हटाया है। श्री करतारपुर साहिब कोरिडोर को उन्होंने ही खुलवाया।
नड्डा ने कहा कि 26 दिसंबर को श्री गुरू गोबिंद सिंह के बच्चों की कुर्बानी को याद करने के लिए उस दिन को वीर बाल दिवस मनाने का ऐलान किया गया है। कांग्रेस इतने वर्षों में यह क्यों नही कर पाई। देश के किसानों की चिंता प्रधानमंत्री मोदी ने ही की है। देश के किसानों के खातों में पैसा किसान निधि योजना के तहत भाजपा की केंद्र सरकार ही दे रही है। कोरोना काल में देश की 20 करोड़ महिलाओं के खाते में 500-500 रूपये नरेंद्र मोदी ने ही डलवाए थे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जनधन खातों से गरीब लोगों को सुविधाए मिल रही हैं। आयुष्यान योजना के तहत प्रत्येक व्यक्ति को 5 लाख रूपये की मेडिकल सहायता भाजपा ने ही दी है। पूरे देश व पंजाब में घर-घर शौचालय नरेंद्र मोदी की विकास योजना का ही हिस्सा है।