यूपी चुनाव: सपा, बसपा व कांग्रेस के दर्जनों नेता भाजपा में शामिल हुए, जानें किस-किस ने थामा बीजेपी का हाथ

तीन तलाक से पीड़ित महिलाओं के लिए इंसाफ की लड़ाई लड़ने वाली दरगाह आला हजरत की बहू निदा खान (बरेली) तथा पूर्व मंत्री शिवचरण प्रजापति (हमीरपुर) सहित सपा, बसपा, कांग्रेस के कई नेता व सामाजिक व्यक्तियों ने रविवार को भाजपा की सदस्यता ली।
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व ज्वाइनिंग कमेटी के अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने सभी नेताओं का स्वागत किया और पटका पहनाया।
शिवचरण प्रजापति हमीरपुर विधानसभा से चार बार वर्ष 1991, 1996, 2002 में बसपा और वर्ष 2014 का उपचुनाव समाजवादी पार्टी के बैनर से जीते थे। दो बार बसपा सरकार में स्वतंत्र प्रभार के रूप में काम किया। वह पिछड़ा वर्ग कल्याण, बैकिंग व कृषि शिक्षा विभाग का कामकाज संभाल चुके हैं। माना जा रहा है कि भाजपा वहां से मनोज वर्मा को लड़ाने की तैयारी में है। इसी तरह बसपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व में मुख्यमंत्री के ओएसडी रहे गंगाराम आम्बेडकर (फतेहपुर), सपा लोहिया वाहिनी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा पाल, बघेल, धनघर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश पाल (झांसी), बसपा के मुख्य जोन प्रभारी व पूर्व लोकसभा व विधानसभा प्रत्याशी प्रदीप निषाद (गोरखपुर), प्रसपा से लोकसभा प्रत्याशी रहे ठाकुर ओमवीर सिंह चौहान, नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता (फर्रुखाबाद) भाजपा में शामिल हुए।
इनके अलावा सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विश्वास गुप्ता (फर्रुखाबाद), सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जितेन्द्र गुप्ता (कन्नौज), कांग्रेस नेता सुभाष सक्सेना (लखनऊ), राष्ट्रीय अध्यक्ष कुशवाहा मौर्य शाक्य सैनी कल्याण संस्था गिरीश चन्द्र कुशवाहा (हरदोई), कांग्रेस से पूर्व विधानसभा व जिला पंचायत प्रत्याशी रहीं डॉ. शान्ति देवी (देवरिया), बुद्धिष्ठ एसोशिएसन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील बौद्ध (सहारनपुर), गुरु रविदास समिति के प्रदेश अध्यक्ष ब्लॉक प्रमुख विवेक कुमार बाबरा (सहारनपुर), पूर्व मंत्री स्व. ठाकुर पूरन सिंह के पुत्र ठाकुर रणवीर सिंह (बुलन्दशहर), अखिल भारतीय सोनकर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोवर्धन सोनकर (बस्ती), मुजफ्फरनगर के पीताम्बरा धाम ट्रस्ट के संस्थापक पं. अयोध्या प्रसाद मिश्र, सुभासपा के प्रदेश महासचिव अनिल कुमार सिंह रघुवंशी (वाराणसी), सत्य बहुमत पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष पूनम चन्द्र व प्रदेश उपाध्यक्ष चंदन दीक्षित ने भाजपा की सदस्यता ली।
वहीं भारतीय अटल दल सेवा संगठन द्वारा भाजपा को समर्थन प्रदान किया गया। डा. लक्ष्मीकान्त बाजपेयी ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ हुई है। पहले गुंडा, माफिया और बाहुबलियों की सरकार थी, महिला, दलित, किसान, सभी लोग भय के माहौल में जीते थे। भाजपा की सदस्यता लेने वाले नेताओं से कहा कि राज्य में फिर से भाजपा सरकार बनाने के संकल्प के साथ जुटें। भाजपा के सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे भी इस मौके पर उपस्थित थे।