मेवात में तावडू के डीएसपी की नृशंस हत्या-पंचगांव में खनन माफिया ने डीएसपी सुरेंद्र कुमार को डंपर से कुचला
पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में हुआ तब्दील
गृह मंत्री अनिल विज बोले- जितनी फोर्स लगानी पड़े लगाएंगे, हत्यारे नहीं बच पाएंगे
नई दिल्ली 19 जुलाई 2022 (नवीन चन्द्र पोखरियाल)
हरियाणा के नूंह के तावडू क्षेत्र से बड़ी खबर आई है। यहां खनन माफिया ने तावड़ू के डीएसपी सुरेंद्र कुमार को डंपर से कुचल कर मार डाला। वे पंचगांव में पहाड़ी पर चल रही अवैध माइनिंग की सूचना पर मौके पर पहुंचे थे। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। दोपहर को हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में बदल दिया गया है। पुलिस कार्रवाई में लगी है।
अवैध खनन करने वालों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे किसी भी हद तक जा सकते हैं। हरियाणा के नूंह में डीएसपी की सरेआम निर्मम हत्या कर दी गई है। ताजा जानकारी के मुताबिक आरोप है कि अवैध खनन माफिया के लोगों ने डीएसपी सुरेन्द्र विश्नोई को डंपर से कुचल दिया। डीएसपी सुरेन्द्र विश्नोई
की मौके पर ही मौत हो गई। पचगांव की पहाड़ियों में डीएसपी का शव बरामद किया गया है। तावडू (मेवात) के डीएसपी सुरेंद्र सिंह बिश्नोई नूंह में अवैध खनन की घटना की जांच के लिए गए थे। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस सर्च ऑपरेशन चला रही है। मिली जानकारी के मुताबिक कुछ आरोपियों की जानकारी है वहीं कुछ का पता लगाया जा रहा है।
शुरूआती जानकारी के मुताबिक 6-7 खनन माफिया उस वक्त वहां मौजूद थे। वहीं डीएसपी के साथ 3-4 पुलिस कर्मी बताए जा रहे हैं। मामले में हरियाणा सरकार ने पूरी जानकारी तलब की है। गृह मंत्री अनिल विज ने भी जांच के आदेश दिए हैं। नूंह में डीएसपी सुरेंद्र सिंह की हत्या के मामले में गृहमंत्री अनिल विज ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मैंने कार्रवाई के सख्त आदेश दिए है, जितनी फोर्स लगानी पड़ी, हम लगाएंगे। विज ने कहा कि आसपास के जिलों की फोर्स भी लगानी पड़े तो भी लगाएंगे। उन्होंने कहा कि खनन माफियाओं को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
बताया गया है कि तावडू पुलिस को सूचना मिली थी कि पंचगांव की पहाड़ी में बड़े स्तर पर अवैध खनन किया जा रहा है। डीएसपी सुरेंद्र कुमार सवा 12 बजे के करीब पुलिस टीम के साथ पहाड़ी पर पहुंच गए। उन्होंने खनन माफिया को रोकने का प्रयास किया तो अवैध खनन से जुड़े लोगों ने डीएसपी पर डंपर चढ़ा दिया। घटना के समय डीएसपी अपनी सरकारी गाड़ी के पास ही थे। डंपर ने कुचला तो वे मौके पर ही गिर गए। इससे पहले कि पुलिस कर्मचारी उनको संभालते उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
अपराधियों को सजा दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी
नूंह में डीएसपी की हत्या के बाद हरियाणा पुलिस ने ट्वीट किया है। हरियाणा पुलिस ने अपने ट्वीट में लिखा है कि डीएसपी ताओरू सुरेंद्र सिंह ने आज ड्यूटी के दौरान अपने प्राणों की आहुति दे दी। हरियाणा पुलिस ने वीर अधिकारी के शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। पुलिस के अनुसार अपराधियों को सजा दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
इसी साल बौने वाले थे रिटायर
खनन माफिया द्वारा डीएसपी को कुचल देने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा है। वारदात के बाद खनन माफिया से जुड़े लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस के आला अधिकारी मौके पर हैं। पुलिस की छानबीन जारी है। फिलहाल डीएसपी सुरेंद्र का शव मौके पर ही पड़ा है। डीएसपी सुरेंद्र सिंह इसी वर्ष रिटायर्ड होने थे।
