उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री के नाम पर लगी फाइनल मुहर, बीजेपी विधायक दल की बैठक में लिया गया फैसला, उधर एन बीरेन सिंह बने दूसरी बार मणिपुर के मुख्यमंत्री

0

नई दिल्ली 21 मार्च 2022 (नवीन चन्द्र पोखरियाल, विवेक गौतम)

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के 10 दिन बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की है। भाजपा ने सोमवार (21 मार्च 2022) को देहरादून में विधायक दल की बैठक में पुष्कर सिंह धामी पर एक बार फिर भरोसा जताते हुए उनके नाम पर मुहर लगा दी है। वहीं, एन बीरेन सिंह दूसरी बार मणिपुर के मुख्यमंत्री बन गए हैं। उन्होंने आज इंफाल में मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, देहरादून में पार्टी इकाई की बैठक में फैसले के बाद पर्यवेक्षक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उपपर्यवेक्षक मीनाक्षी लेखी ने यह घोषणा की। बताया जा रहा है कि नए मुख्यमंत्री की रेस में कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सतपाल महाराज, पूर्व केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, सांसद अनिल बलूनी सहित काफी नामी गिरामी नाम शामिल थे।

आपको बता दें कि बीजेपी ने विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड की 70 में से 47 सीटें अपने नाम की थीं। वहीं कांग्रेस के खाते में महज 19 सीटें आईं, जबकि बसपा को केवल 2 सीटों से ही संतुष्ट होना पड़ा था। हालाँकि, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा सीट से चुनाव हार गए थे। उनको कांग्रेस के भुवन कापड़ी ने 6,000 से ज्यादा वोटों से हराया था। उत्तराखंड के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है, जब कोई पार्टी लगातार दूसरी बार सरकार बना रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये भी पढ़ें