जापान के पूर्व पीएम शिंजो अबे का निधन, भारत में 9 जुलाई को एक दिन का राष्ट्रीय शोक

टोक्यो (एएनआई)। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो अबे की शुक्रवार को पश्चिमी जापान के नारा शहर में एक भाषण के दौरान गोली लगने के बाद मौत हो गई। डाॅक्टरों ने अबे की मौत की पुष्टि कर दी।
स्थानीय मीडिया ने अधिकारियों का हवाला देते हुए जानकारी दी। जापानी मीडिया आउटलेट एनएचके ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर ट्वीट किया, “अधिकारियों का कहना है कि जापान के पूर्व प्रधानमंत्री अबे शिंजो की मौत की पुष्टि हो गई है। कथित तौर पर उन्हें क्योटो के पास नारा शहर में शुक्रवार को एक भाषण के दौरान गोली मार दी गई थी।”
पीएम मोदी ने राष्ट्रीय शोक का एलान किया
शिंजो अबे के निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर दुख जताया है, मैं अपने सबसे प्यारे दोस्तों में से एक शिंजो अबे के निधन पर स्तब्ध और दुखी हूं। वह एक महान वैश्विक राजनेता, एक उत्कृष्ट नेता और एक उल्लेखनीय प्रशासक थे। उन्होंने जापान और दुनिया को एक बेहतर जगह बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। इसके साथ ही पीएम मोदी ने अबे के निधन पर भारत में एक दिन के राष्ट्रीय शोक का एलान किया। उन्होंने लिखा, पूर्व प्रधान मंत्री अबे शिंजो के प्रति हमारे गहरे सम्मान के प्रतीक के रूप में, 9 जुलाई 2022 को एक दिन का राष्ट्रीय शोक मनाया जाएगा।