पंजाब और हरियाणा में भारी बारिश का अलर्ट, चंडीगढ़ में शुरू, गर्मी व उमस से राहत

चंडीगढ़ (आज़ाद वार्ता)
चंडीगढ़ समेत पंजाब और हरियाणा में भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने पंजाब के 12 और हरियाणा के 11 जिलों में तेज बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
वहीं चंडीगढ़ में भी वीरवार और शुक्रवार को जोरदार बारिश की संभावना है।
बीते दो दिन से चंडीगढ़ में बारिश की बूंद तक नहीं गिरी है। लोग गर्मी और उमस से बेहाल हो रहे हैं। लेकिन अब मौसम विभाग ने बारिश के आसार जताए हैं। विभाग के मुताबिक चंडीगढ़ सहित पंजाब और हरियाणा में जोरदार बारिश होगी। पंजाब और हरियाणा के उत्तरी, पूर्वी और दक्षिणी पश्चिमी हिस्सों और चंडीगढ़ के एक -दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। गरज व चमक के साथ छह से नौ सेंटीमीटर बारिश होने की संभावना है।
वहीं बुधवार को दिन का आगाज भी आसमान में बादलों के साथ हुआ। सुबह करीब आठ बजे चंडीगढ़ समेत पंचकूला और मोहाली के कुछ हिस्सों में जोरदार बारिश शुरू हो गई है। इससे आफिस जाने वाले लोगों को थोड़ा परेशानी हो रही है। मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो गया है, जिससे बारिश की पूरी संभावना बन रही है।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को पंजाब के माझा जोन में आने वाले पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, दोआबा में होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर और पूर्वी मालवा के लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रोपड़, पटियाला और मोहाली में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा हरियाणा के जिन 11 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। इनमें जींद, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत और पानीपत शामिल हैं। अन्य जिलों के लिए विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है।
जुलाई से सामान्य से ज्यादा बरसात
मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि इस बार जुलाई महीने में सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है। उन्होंने कहा कि अगर मानसून सीजन में 846.5 एमएम बारिश हो जाए तो इसे अच्छा मानसून माना जाता है। अकेले जुलाई की बात करें तो 413.5 एमएम बारिश हो जाए तो इसे अच्छी बारिश माना जाता 438.3 एमएम बारिश हो चुकी है,जोकि औसत से ज्यादा है। जून से अबतक कुल 443.0 एमएम बारिश हो चुकी है।
मानसून पूरी तरह से सक्रिय
मनमोहन सिंह ने बताया कि मानूसन पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। बुधवार और वीरवार को चंडीगढ़ समेत पंजाब, हरियाणा व हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में जोरदार बारिश हो सकती है। वहीं इस दौरान इन राज्यों के अधिकतम तापमान में कोई बदलाव नहीं आएगा। मौसम विभाग ने इसलिए अलर्ट जारी किया है कि लोग जलभराव वाले स्थानों पर, नदी व नालों के किनारे न जाएं। बारिश से बचने के लिए पेड़ों के नीचे खड़े न हो।