शादी में चली दनादन गोलियां, गोली लगने से हिस्ट्रीशीटर की हुई मौत, दूल्हा हुआ गंभीर रूप से घायल

नई दिल्ली 10 अप्रैल 2022 (नवीन चन्द्र पोखरियाल)
शेखावाटी के सबसे बड़े सीकर जिले में एक हिस्ट्रीशीटर के परिवार में शादी के दौरान गोलियां चल गई। इनमें दूसरे हिस्ट्रीशीटर की दर्दनाक मौत हो गई। गोली लगने से दूल्हा भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
एकाएक फायरिंग के बाद वहां हंगामा हो गया और अफरातफरी मच गई। फायरिंग डांस प्रोग्राम के दौरान हुई बताई जा रही है। फायरिंग की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नागौर के कुचामन स्थित अस्पताल में भर्ती कराया है। फायरिंग के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस दोनों हिस्ट्रीशीटरों की कुंडलियां खंगालने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार वारदात सीकर जिले के नेछवा थाना इलाके के किरडोली बड़ी गांव में शनिवार देर रात को हुई। वहां संग्राम सिंह के परिवार में शादी का कार्यक्रम हो रहा था, शादी रामनवमी को रविवार को होनी थी।
संग्राम सिंह जयपुर का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। शनिवार रात को बिदौंरी निकाली गई थी। बिंदौरी के बाद परिवार की महिलायें और अन्य लोग सो गये। उसके बाद कुछ लड़के वहां लगाये गये डांस फ्लोर पर डीजी के धुन पर नाच गा रहे थे।
जोधपुर के हिस्ट्रीशीटर सुरेश सींगड़ की मौत
इसी दौरान वहां फायरिंग हो गई। फायरिंग से वहां हड़कंप मच गया। फायरिंग शादी की खुशी में की जा रही थी या फिर किसी झगड़े की वजह से हुई इस बात का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। फायरिंग में गोली लगने से सुरेश सीगड़ की मौत हो गई। सुरेश सींगड़ जोधपुर का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। फायरिंग में दूल्हे के पैर में भी गोली लगी। वहीं दो अन्य लोग भी घायल हो गये बताये जा रहे हैं।
कारणों का नहीं हो पाया खुलासा
फायरिंग की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को समीप स्थित कुचामन कस्बे के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। वहां दूल्हे और दूसरे घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि अभी तक फायरिंग के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले से जुड़े प्रत्येक पहलू की गहराई से जांच कर रही है।
शादी के घर में मातम पसरा
एक हिस्ट्रीशीटर के घर में शादी होने और फायरिंग में दूसरे हिस्ट्रीशीटर की मौत होने से मामला आपसी रंजिश का भी हो सकता है। लेकिन पुलिस ने इस मामले में अभी कुछ भी बताने से इनकार किया है। बहरहाल शादी के घर में फायरिंग और मौत की घटना के बाद वहां सन्नाटा पसरा है।