पंजाब में अपने हुए पराए: सिद्धू के दो ‘साथी’ ने पीएम मोदी-नवाज शरीफ की फोटो शेयर कर कैप्टन को घेरा

0

चंडीगढ़ (आज़ाद वार्ता)

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। कैप्टन के इस्तीफा देने के एक दिन बाद ही नवजोत सिंह सिद्धू के करीबी माने जाने वाले और पंजाब के कैबिनेट मंत्रियों परगट सिंह और अमरिंदर सिंह राजा ने बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री पर निशाना साधा और एक राजनीतिक संगठन शुरू करने और कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाने के कैप्टन पर पलटवार किया।

कांग्रेस नेता परगट ने पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, नवजोत सिंह सिद्धू और कांग्रेस पार्टी को टैग करते हुए ट्वीट किया, ‘क्या विडंबना है- कैप्टन अमरिंदर सिंह की नई पार्टी न तो पंजाबियों के लिए है और न ही ‘लोक’ के लिए और निश्चित रूप से कांग्रेस (एसआईसी) के लिए भी नहीं। कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह राजा ने भाजपा को किसान विरोधी बताया और किसान विरोधी पार्टी के साथ सीटों के बंटवारे की योजना को लेकर कैप्टन अमरिन्दर सिंह पर धावा बोला।

वहीं, अमरिंदर सिंह राजा ने पीएम मोदी की पाकिस्तान के तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के साथ एक पुरानी फोटो शेयर कर पोस्ट किया और लिखा- प्रिय कैप्टन अमरिंदर साहब, माननीय कांग्रेस अध्यक्ष को लिखे अपने पत्र में आपने पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू को पाक सेना प्रमुख और पाक पीएम के साथ गले मिलने की घटना को पार्टी छोड़ने का कारण बताया। जैसा कि अब आप किसान विरोधी भाजपा के साथ ‘सीट साझा’ कर रहे हैं, यहां कुछ तस्वीरें हैं।

इससे पहले अमरिंदर सिंह ने सात पन्ने के त्यागपत्र में गांधी परिवार की आलोचना की थी और कहा था कि उन्हें राज्य की सरकार से हटाने के लिए “साजिश” रची गई। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे पत्र में सिंह ने मुख्यमंत्री रहते हुए अपनी उपलब्धियां गिनाई हैं। उन्होंने कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और पार्टी के वरिष्ठ नेता हरीश रावत पर भी निशाना साधा। सोनिया गांधी को लिखे पत्र में उन्होंने कहा कि “सार्वजनिक जीवन के 52 वर्षों तक उन्हें गहराई से व्यक्तिगत तौर पर जानने के बावजूद” वह (सोनिया) उन्हें या उनके चरित्र को कभी समझ नहीं सकीं।

नवजोत सिंह सिद्धू को कांग्रेस की पंजाब इकाई का अध्यक्ष बनाये जाने पर आक्रोश व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, “पंजाब के सभी सांसदों और मेरी आपत्ति के बावजूद आपने पाकिस्तानी ‘डीप स्टेट’ (सैन्य महकमे) के मददगार नवजोत सिंह सिद्धू को नियुक्त किया, जिसने सार्वजनिक रूप से पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल बाजवा और प्रधानमंत्री इमरान खान को गले लगाया था।” सिंह ने कहा, “खान और बाजवा वह लोग हैं, जिन्होंने भारतीयों की हत्या करने के लिए सीमापार आतंकवादी भेजे।” सिंह ने राज्य कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिद्धू के साथ कटु सत्ता संघर्ष के बीच सितंबर में पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये भी पढ़ें