पंजाब की नई कैबिनेट: एक महिला समेत दस विधायक बने मंत्री,अंत में हरजोत सिंह बैंस ने मंत्रीपद की ली शपथ

चंडीगढ़,पंजाब (सचित गौतम)
पंजाब को नया मंत्रिमंडल मिल गया है। चंडीगढ़ में 10 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। सचिवालय पहुंचने के बाद अगले एक घण्टे में मंत्रियों के विभागों का एलान होगा। सबसे पहले हरपाल चीमा ने शपथ ली। शपथ ग्रहण करने के बाद हरपाल चीमा ने कहा कि मैं पहले जनता का सेवक था और आज भी सेवक हूं। हम जैसे आम लोग, जिन्होंने मंत्री बनने के बारे में सोचा भी नहीं होगा, मंत्री बन गए हैं। हम सभी वादों को पूरा करेंगे। समारोह में मुख्यमंत्री भगवंत मान के बेटा और बेटी भी वीवीआईपी की अगली पंक्ति में मौजूद रहे।

महिलाओं के लिए करूंगी काम: डॉ. बलजीत कौर
हरपाल चीमा के बाद मलोट की विधायक डॉ. बलजीत कौर ने मंत्री पद की शपथ ली। पेशे से नेत्र सर्जन डॉ. बलजीत कौर मंत्रिमंडल में इकलौती महिला हैं। वे पूर्व आप सांसद साधु सिंह की बेटी हैं। डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मैं पंजाब के लोगों और पार्टी आलाकमान को धन्यवाद देती हूं। यह आप की अच्छी मानसिकता है कि उन्होंने एक महिला को कैबिनेट में शामिल किया है। मैं अपने सभी कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करूंगी। एक महिला और डॉक्टर के रूप में, मैं महिलाओं और स्वास्थ्य क्षेत्र के विकास के लिए काम करूंगी।

नशीली दवाओं की लत का समाधान जरूरी : डॉ. सिंगला
तीसरे नंबर पर हरभजन सिंह ईटीओ ने शपथ ली। इसके बाद मानसा से सिद्धू मूसेवाला को हराने वाले डॉ. विजय सिंगला ने मंत्रीपद की शपथ उठाई। उन्होंने कहा कि नशीली दवाओं की लत, बेरोजगारी के विभिन्न मुद्दे हैं जिनका समाधान अभी बाकी है और हमें इन सभी मुद्दों पर काम करना होगा। पंजाब में तरक्की करनी है तो विपक्ष के समर्थन की जरूरत पड़ेगी।
भ्रष्टाचार को जड़ से उखाड़ना होगा : मीत हेयर
भोआ से विधायक बने लालचंद कटारूचक्क ने शपथ ले ली है। बरनाला के विधायक गुरमीत सिंह मीत हेयर ने मंत्री पद की शपथ ली। मीत हेयर ने कहा कि मैं पार्टी नेताओं का आभारी हूं। यह एक बड़ी जिम्मेदारी है और मैं इसे ईमानदारी से निभाऊंगा। लोग हमें इसलिए लाए हैं क्योंकि वे पंजाब की भ्रष्ट व्यवस्था से नाराज थे। हमें भ्रष्टाचार को जड़ से उखाड़ना होगा

हम सुधार के लिए करेंगे काम: जिंपा
इसके बाद कुलदीप सिंह धालीवाल ने शपथ उठाई। धालीवाल ने कहा कि हम पंजाब के लोगों के लिए ईमानदारी से काम करेंगे। मैं राज्य के एक अल्पविकसित क्षेत्र से आता हूं और मेरी प्राथमिकता शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए काम करना होगा। लालजीत भुल्लर और ब्रह्म शंकर जिंपा ने भी मंत्रीपद की शपथ ली। शपथ लेने के बाद जिंपा ने कहा कि बहुत सारी समस्याएं हैं, स्वास्थ्य सेवाएं बहुत खराब हैं, हम सुधार के लिए काम करेंगे। हमारे पास एक जर्जर पंजाब है, इसमें कुछ समय लगेगा लेकिन बदलाव जरूर आएगा।
सबसे अंत में हरजोत सिंह बैंस ने मंत्रीपद की शपथ ली। शपथ लेने के बाद हरजोत बैंस ने कहा कि हमें बड़ी जिम्मेदारी मिली है। अरविंद केजरीवाल राजनीति में युवाओं का भरोसा वापस लाए हैं। हमें फिर से महाराजा रणजीत सिंह का पंजाब बनाना है। हम पंजाब को मॉडल बनाएंगे और 2024 में अरविंद केजरीवाल देश के पीएम बनेंगे। हरपाल चीमा, हरभजन सिंह, कुलदीप धालीवाल, लालजीत भुल्लर, हरजोत बैंस शपथ ग्रहण के लिए पीली पगड़ी पहनकर आए थे।
इसके अलावा कोटकपूरा से विधायक कुलतार संधवां विधानसभा को स्पीकर बनाया जाएगा। संधवां ने इसकी जानकारी खुद ट्वीट कर दी। इसके साथ ही उन्होंने अरविंद केजरीवाल और सीएम भगवंत मान का आभार जताया।