अशोभनीय कृत्य -झारखंड में रामनवमी शोभा यात्रा पर हमले, लोहरदगा और बोकारो में पथराव, वाहन फूँके-मेले में लगाई आग, राजधानी एक्सप्रेस भी बनी निशाना

0

नई दिल्ली 11 अप्रैल 2022 (नवीन चन्द्र पोखरियाल)

झारखंड में रामनवमी के मौके पर दो अलग-अलग स्थानों पर आगजनी, पत्थरबाजी और हिंसा की खबर है। इन घटनाओं में कई वाहनों को आग लगा दी गई है और ट्रेन पर भी पथराव हुआ। एक स्थान पर पुलिस द्वारा शोभा यात्रा रोकने की भी खबर है। घटनाएँ रविवार (10 अप्रैल 2022) की हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लोहरदगा के सदर थाना क्षेत्र के हिरही गाँव में शोभा यात्रा पर पत्थर फेंके जाने की खबर के बाद आस-पास के गाँवों में तनाव फैल गया। दंगाइयों ने वाहनों में आग लगानी शुरू कर दी। इसी हिंसा की चपेट में सदर इलाके के भोक्ता बगीचे में चल रहा रामनवमी मेला भी आ गया। मेले में कई दुकानों को आग के हवाले कर दिया गया। वहाँ खड़ी बाइकों, साईकिल और ठेलों में भी आग लगा दी गई।

यह आग पूरे मेला क्षेत्र में फैल गई। इसी दौरान राँची से दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस पर भी पथराव किया गया। इस आगजनी के विरोध में मेले वाली जगह के पास स्थित दो अलग-अलग घरों में भी आग लगा दी गई। इस पूरी घटना में 4 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। हिरही, कुजरा, भोक्ता बगीचा आदि गाँवों में अभी तनाव है। जानकारी मिली है कि हिंसाग्रस्त क्षेत्र में इंटरनेट पर पाबन्दी लगा दी गई है। लोहरदगा प्रशासन ने इस घटना के बाद धारा 144 लगा दी है।

भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने इस हमले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने घायल लोगों से अस्पताल जाकर मुलाकात की।

बोकारो में पथराव के बाद शोभायात्रा रोकी गई

दूसरी घटना झारखंड के बोकारो की है। यहाँ के बेरमो क्षेत्र में रामनवमी की शोभायात्रा पर पथराव की खबर है। पथराव फुसरो के राजाबेड़ा स्थित गंजू मोहल्ले में होना बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुँचा। प्रशासन ने बाइक से निकली शोभा यात्रा को रोक दिया। इससे नाराज हिन्दू संगठन के लोग बाइक उसी जगह छोड़कर चले गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये भी पढ़ें