पीएम की सुरक्षा में चूक: अमरिंदर ने पंजाब के सीएम और गृह मंत्री से मांगा इस्तीफा, जाखड़ बोले- आज जो हुआ वह स्वीकार्य नहीं

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिरोजपुर रैली सुरक्षा कारणों से रद्द होने पर राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया और मुख्यमंत्री और गृह मंत्री से इस्तीफे की मांग की। कैप्टन अमरिंदर सिंह इस बार भाजपा के साथ गठबंधन में पंजाब में विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। कैप्टन ने बुधवार को पीएम मोदी के दिल्ली लौट जाने के बाद ट्वीट किया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह फेल है। खासकर मुख्यमंत्री और गृहमंत्री भी। जब आप देश के प्रधानमंत्री को एक सुरक्षित मार्ग प्रदान नहीं कर सकते हैं और वह भी पाकिस्तान की सीमा से सिर्फ 10 किमी की दूरी पर तो आपको पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है और आपको पद छोड़ देना चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा चूक पर पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आज जो हुआ वह स्वीकार्य नहीं है। यह पंजाब के खिलाफ है। फिरोजपुर में भाजपा की राजनीतिक रैली को संबोधित करने के लिए प्रधानमंत्री को एक सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित किया जाना चाहिए था।