मोहाली हमला: दिल्ली से एक नामी सिंगर का करीबी साथी गिरफ्तार, निशान सिंह को भी मोहाली लाई पुलिस

पंजाब पुलिस के खुफिया मुख्यालय पर हुए हमले के मामले की जांच तेज हो गई है। जल्दी ही केस की सारी परतें खुलने की उम्मीद है। स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) ने जगदीप सिंह कंग नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। कंग को जिला अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे नौ दिन के रिमांड पर भेज दिया है।
सूत्रों के मुताबिक जगदीप सिंह कंग एक पंजाबी नामी गायक का करीबी बताया जा रहा है। उसे दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारी इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे है। दूसरी तरफ फरीदकोट पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए निशान सिंह को स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसओएस) की टीम मोहाली ले आई। साथ ही अब इस इससे हमले के संबंध में पूछताछ की जाएगी। इससे पहले शुक्रवार को आरोपी का सिविल अस्पताल में मेडिकल करवाया गया। इस दौरान उसे हथकड़ी लगाई हुई थी। गर्मी ज्यादा होने से आरोपी ने अपना मुंह सफेद परने से कवर किया हुआ था और जबकि निकर और शर्ट पहनी हुई थी। इस दौरान आरोपी के वहां पहुंचने की भनक मीडिया को लग गई, तो वहां भी काफी समय में मीडिया कर्मी पहुंच गए।
हालांकि आरोपी फरीदकोट पुलिस के पास पांच दिन के रिमांड पर चल रहा है। लेकिन मुख्यालय पर हमला गंभीर माना जा रहा है। ऐसे में टीम उसे मोहाली ले आई है। इसके साथ ही उम्मीद है कि अब अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी आरोपी से पूछताछ करेगी। पुलिस को उम्मीद है कि इस केस को हल करने में निशान सिंह अहम भूमिका निभा सकता है।
नौ मई को पुलिस खुफिया विभाग के मुख्यालय पर हमला हुआ था लेकिन अभी तक यह मामला पुलिस के लिए पहेली बना हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उनके पास केस के संबंध में महत्वपूर्ण लीड है। जल्दी ही सारी कहानी से पर्दा उठ जाएगा। हर तथ्य पर गंभीरता से काम किया जा रहा है।