एलजी को फ्रांस से किया पीएम मोदी ने फोन,बाढ़ के हालात की ली जानकारी,हरसंभव मदद का भरोसा दिया

नई दिल्ली,चंडीगढ(आज़ाद वार्ता)
दिल्ली के राजनिवास ने जानकारी दी कि पीएम मोदी ने फ्रांस से फोन कर दिल्ली में जलभराव व बाढ़ की स्थिति और उससे निपटने के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने केंद्र सरकार से हर सम्भव सहायता ले कर दिल्ली के हित में समुचित कदम उठाने के निर्देश दिए।
दिल्ली-एनसीआर में बाढ़ के चलते कल स्कूल बंद रहेंगे।
दिल्ली में भारी बारिश का रेल यातायात पर असर,कई रेलसेवाएं रद्द, कई ट्रेनें आंशिक रद्द की गई,यमुना ब्रिज पर जलभराव से रेल यातायात प्रभावित,गाड़ी संख्या 15013 जैसलमेर-काठगोदाम रद्द रहेगी।
केंद्रीय जल आयोग का अनुमान है कि कल से पानी घटने का अनुमान है

फरीदाबाद के बसंतपुर में गलियो में भरा पानी, मकान की छत पर चढ़े लोग
फरीदाबाद बसंतपुर में भरा यमुना का पानी उसमें डूबे अपने आशियानाओं को देखते हुए लोग।
बारिश को देखते हुए एएसआई ने लाल किला पर्यटकों के लिए शुक्रवार तक किया बंद।
प्रगति मैदान टनल खुलने के बाद लोगों को मिली राहत
दोपहर तीन बजे तक 208.62 पहुंचा यमुना का जलस्तर
निगम बोद्ध घाट में भी पानी भर गया है। बता दें कि यह दिल्ली का सबसे बड़ा श्मशान घाट है। लोगों को सामने अब चिताओं को जलाने का भी संकट खड़ा हो गया है।

एमडी डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि दिल्ली के मेटकाफ रोड स्थित सुश्रुत ट्रॉमा सेंटर में बाढ़ का पानी घुस गया है। यहां भर्ती 40 मरीजों को दूसरी जगह पर भेजा जा रहा है। वहीं तीन वेंटिलेटर पर हैं।
दिल्ली में यमुना नदी के जलस्तर में बीते एक घंटे से कोई कमी नहीं आई है दोपहर एक बजे पानी का स्तर 208.62 मीटर था, जो दोपहर दो बजे तक यहीं पाया गया।
एडिशनल डीसीपी अचित गर्ग ने बाढ़ प्रभावित यमुना बैंक इलाके का दौरा किया और निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। साथ ही मौजूदा स्थिति की समीक्षा की।
यमुना बाजार स्थित दंडी आश्रम में रुके हरिद्वार के एक मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थी वार्ड में फंसे दिल्ली पुलिस ने इन विद्यार्थियों को बाहर निकाल कर सुरक्षित स्थान पर भेज दिया है। वहीं दूसरी तरफ गढ़ी मांडू इलाका भी पानी मे डूब गया है।
आईएसबीटी कश्मीरी गेट के पीछे की तरफ रिंग रोड पर नदी की तरह पानी चलना शुरू हुआ।

यमुना नदी में जलस्तर बढ़ने के बाद गीता कॉलोनी पुश्ता रोड श्मशान घाट से पुराने लोहे के पुल गांधी नगर के रास्ते को डावर्ट कर दिया गया है। राजा राम कोहली मार्ग और मास्टर प्लान से स्वामी विवेकानंद मार्ग और उसके बाद जीटी रोड शाहदरा को जोड़ा गया है।
कश्मीरी गेट के बस अड्डे की ओर आने वाले सभी रास्तों में पानी भर गया है। सड़कों पर कुछ ही वाहन फंसे हुए हैं।
मंगरौली गांव में पानी घुसने के बाद मवेशी को निकालने का काम जारी है। एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। नोएडा के सेक्टर-137 में भी पानी घुस गया है।
यमुना नदी में आई बाढ़ का पानी दिल्ली ही नहीं नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कई इलाकों तक फैल गया है। नोएडा के मंगरौली गांव में पानी घुस गया है।
मयूर विहार यमुना खादर में एनडीआरएफ की टीम अंदर जाकर महिलाओं और बच्चों को बचा रही है। अभी भी काफी संख्या में यहां लोग फंसे हैं।

कश्मीरी गेट बस अड्डे पर आने वाले रास्ते में बाढ़ का पानी भर गया है। यात्रियों को बस अड्डे में पहुंचने में परेशानी आ रही है। निचले इलाके में पानी भरने के कारण सुरक्षा को देखते हुए बिजली काटी जा रही है।
आईएसबीटी से बसों का आना-जाना बंद हो गया है। इस वजह से यात्री परेशान हैं। उधर, लाल किले की दीवार से पानी टच हो गया है। लाल किला के पीछे रिंग रोड पर बाढ़ का पानी भर गया है।


निगमबोध घाट के सामने कई गाड़ियां पानी में डूब गई हैं।

आईएसबीटी से बसों का आना-जाना बंद हो गया है। इस वजह से यात्री परेशान हैं। उधर, लाल किले की दीवार से पानी टच हो गया है। लाल किला के पीछे रिंग रोड पर बाढ़ का पानी भर गया है।
कश्मीरी गेट स्थित लोकनायक अस्पताल के ट्रामा सेंटर तक यमुना का पानी पहुंच गया है। यदि पानी का स्तर बढ़ा तो ट्रामा सर्विस प्रभावित हो सकती है। अस्पताल के निदेशक डॉक्टर सुरेश कुमार ने बताया कि हम इनडोर ट्रॉमा के सभी मरीजों को शिफ्ट कर रहे हैं। ट्रामा सेंटर में 43 मरीज हैं। इनमें से तीन आईसीयू में थे जिन्हें शिफ्ट कर दिया गया हैं। 40 को शिफ्ट किया जा रहा हैं। शिफ्टिंग के लिए वहां पहले से ही एंबुलेंस पहुंच चुकी हैं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद होने से पानी की सप्लाई 25 प्रतिशत तक प्रभावित होगी। इसलिए पानी की राशनिंग की जाएगी। दिल्ली में ज़रूरी सेवाओं वाले बड़े वाहनों को ही आने की इजाज़त दी जाएगी। सभी दिल्लीवासी धैर्य रखें, जल्द पानी का स्तर कम होगा और स्थिति सामान्य होगी।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यमुना में जलस्तर बढ़ने के बाद पैदा हुए हालात पर आज DDMA की बैठक हुई। बैठक में फैसला लिया गया कि दिल्ली में सभी स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी को रविवार तक के लिए बंद रहेंगे। सभी गैर जरूरी सरकारी कार्यालय को वर्क फ्रॉम होम किया जा रहा है। प्राइवेट ऑफिस को भी वर्क फ्रॉम होम किया लागू करने की एडवाइज़री जारी की जा रही है।
बढ़ते जल स्तर को देखते हुए सिंघू, बदरपुर, लोनी और चिल्ला बॉर्डर से दिल्ली में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। हरियाणा, हिमाचल, चंडीगढ़, जम्मू- कश्मीर, उत्तराखंड से आने वाली बसें सिंघू बॉर्डर पर ही रोकी जाएंगी। आवश्यक सेवाओं वाली गाड़ियों पर प्रतिबंध नहीं होगा।
दिल्ली में यमुना में बाढ़ को लेकर हुई डीडीएम की बैठक में बड़ा फैसला लिया गया है। दिल्ली के सभी स्कूल-कॉलेज रविवार तक बंद कर दिए गए हैं। उधर, यमुना का पानी कश्मीरी गेट बस स्टैंड तक पहुंच गया है।
राजधानी में बाढ़ की हालत पैदा होने के बीच प्रगति मैदान टनल खुल गई है। इस टनल का रिंग रोड और मथुरा रोड, इंडिया गेट आने-जाने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। दरअसल 3 दिन पहले प्रगति मैदान का पानी आने के कारण टनल को बंद कर दिया था इसके बाद टनल में आने वाले पानी को रोकने के लिए उपराज्यपाल ने दौरा किया था टनल बनाने वाली कंपनी ने इसमें पानी छोड़ने वाली एक अन्य कंपनी खिलाफ पुलिस में शिकायत की थी।
दिल्ली के लाल किले के पास बाढ़ वाले इलाके में सीने तक गहरे पानी में एक रिक्शा चालक रिक्शा चलाता दिखा।
यमुना नदी के ऊपर से गुजरते समय मेट्रो की स्पीड लिमिट 30km/घंटा से अधिक नहीं होगी। DMRC ने ट्वीट किया कि यमुना के बढ़ते जल स्तर के कारण, एहतियात के तौर पर ट्रेनें नदी पर बने सभी चार मेट्रो पुलों से 30 किमी प्रति घंटे की प्रतिबंधित गति से गुजर रही हैं।
दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद चंदगीराम अखाड़ा के निचले इलाके में बाढ़ आ गई है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल वजीराबाद जल शोधन संयंत्र पहुंचे। यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण प्लांट को फिलहाल बंद कर दिया गया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पहली बार दिल्ली में यमुना इस स्तर पर पहुंची है। अभी 3 वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद हो गए हैं क्योंकि पानी मशीनों में घुस गया है। पानी कम होने के बाद मशीनों को सुखाया जाएगा। इससे दिल्ली का पानी करीब 25 फीसदी कम हो जाएगा। दिल्ली में 1-2 दिन पानी की किल्लत रह सकती है। मुझे उम्मीद है कि कल शाम तक प्लांट शुरू हो जाएगा।
राजधानी दिल्ली में पानी का स्तर अपने ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंच गया है। गुरुवार सुबह आठ बजे यह 208.48 मीटर तक पहुंच गया है। हथिनी कुंड बैराज से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है और इस कारण राजधानी में बाढ़ की स्थिति और ज्यादा गंभीर हो सकती है। बाढ़ को देखते हुए प्रशासन ने पूर्वी दिल्ली के गीता कॉलोनी शमशान घाट को अस्थाई तौर पर बंद करने का आदेश दिया है। यदि पानी की ऊंचाई और ज्यादा बढ़ती है तो निगमबोध घाट के निचले घाटों को भी अंतिम क्रिया के लिए बंद करने का आदेश जारी किया जा सकता है। दिल्ली के निचले इलाकों में लगातार पानी बढ़ता जा रहा है। अब तक लगभग 20,000 लोगों को उनके घरों से सुरक्षित ठिकनों पर पहुंचाया जा चुका है। टेंट में लोगों को रहने की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने निर्देश दिया है कि जरूरत पड़ने पर राजधानी के सरकारी स्कूलों को स्थाई आवास केंद्रों में तब्दील किया जा सकता है।
यमुना नदी के बढ़ते जल स्तर के कारण यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश और निकास अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। हालांकि, इंटरचेंज सुविधा अभी भी उपलब्ध है और ब्लू लाइन पर सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। DMRC ने ट्वीट करके यह जानकारी दी है।
यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से यमुना खादर क्षेत्र में बाढ़ जैसी स्थिति बनी। बचाव अभियान जारी है। एक पुलिसकर्मी ने बताया, “यहां हालात बहुत असामान्य हैं। हम लोगों को यहां बाहर निकलने के लिए समझा रहे हैं क्योंकि जलस्तर काफी ऊपर आ चुका है। अभी तक करीब 500 लोगों को रेस्क्यू किया गया है।”
दिल्ली के यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद मयूर विहार फेज 1 के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुसने के कारण कई लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा। लोगों ने फ्लाइओवर ने नीचे शरण ली है। लोगें को खाना वितरित किया जा रहा है।
यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद पुराना किला के पास के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुसा। बाढ़ के कारण यातायात प्रभावित हुआ।
ट्रैफिक डायवर्जन के कारण उत्तर पूर्वी दिल्ली में शास्त्री पार्क खजूरी पुस्ता रोड और खजूरी खास चौक पर भारी ट्रैफिक जाम देखा गया। उधर, यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद ट्रैफिक डायवर्जन के कारण सराय काले खां क्षेत्र में भारी ट्रैफिक जाम देखा गया।
लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री आतिशी ने कहा कि दिल्ली में पहली बार यमुना के पानी का स्तर इतना बढ़ा है। 1978 में जब दिल्ली में बाढ़ आई थी उससे करीब 1.5 मीटर ज्यादा पानी इस बार आया है। जब जलस्तर इतना ऊंचा हो जाएगा तो यमुना अपने तट से बाहर निकलेगी। पानी के बहाव को काबू में नहीं किया जाता है। हम लोगों को लगातार नकाल रहे हैं। हमारे लिए लोगों की जान बचाना ज्यादा जरूरी है।
रिंग रोड पर बाढ़ का पानी आने से आईएसबीटी कश्मीरी गेट में हिमाचल, पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा व उत्तराखंड से आने-जाने वाली बसों का परिचालन प्रभावित हो गया है। यात्रियों को बस अड्डा तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद वज़ीराबाद के निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिसके कारण यातायात प्रभावित हुआ है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर लिखा कि यमुना में बढ़ते जल स्तर की वजह से वजीराबाद, चन्द्रावल और ओखला वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद करने पड़ रहे हैं। इस वजह से दिल्ली के कुछ इलाक़ों में पानी की परेशानी होगी। जैसे ही यमुना का पानी कम होगा, इन्हें जल्द से जल्द चालू करने की कोशिश करेंगे।
सुबह 9 बजे यमुना नदी का जलस्तर 208.52 मीटर पर पहुंच गया है।
पुराना रेलवे ब्रिज पर जलस्तर
00:00.HRS. 208.13
01:00.HRS. 208.20
02:00.HRS. 208.24
03:00.HRS. 208.28
04:00.HRS. 208.32
05:00.HRS. 208.38
06:00.HRS. 208. 41
07:00.HRS. 208.46
08:00.HRS 208.48
यमुना नदी में बाढ़ आने के कारण दिल्ली जल बोर्ड ने वजीराबाद जल शोधक संयंत्र बंद कर दिया है। नई दिल्ली समेत उत्तरी दिल्ली और मध्य दिल्ली के अधिकतर इलाकों में पेयजल संकट की दिक्कत होने के आसार हो गए हैं।
दिल्ली के जिन इलाक़ों में पानी भर रहा है वहां पर सब सरकारी व प्राइवेट स्कूलों को बंद कर दिए गए हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यह एलान किया है।
अरविंद केजरीवाल ने ट्ववीट किया है। उन्होंने लिखा कि यमुना का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। अब पानी 208.46m पर पहुंच गया है। बढ़ते हुए जल स्तर के कारण, यमुना के आस पास की सड़कों पर आ गया है। आपसे अनुरोध है कि इन रास्तों पर ना जाएं।
जिन आबादी वाले इलाकों में पानी भरा है, वहां से लोगों को दूसरी जगह शिफ्ट कर रहे हैं। वहां रहने वालों से अनुरोध है कि प्रशासन का सहयोग करें। लोगों की जान बचाना सबसे ज़रूरी है।
सभी दिल्ली वालों से अपील है कि इस आपातकाल स्थिति में एक दूसरे का हर संभव सहयोग करें।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाजरी जारी करते हुए कहा है कि यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे उपरोक्त सड़कों से बचें।
इन कमर्शियल वाहनों पर लगी एंट्री पर रोक, कई रूट डायवर्ट
– कमर्शियल वाहनों को दिल्ली में एंट्री करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्हें पूर्वी और पश्चिमी पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर मोड़ दिया जाएगा।
– कमर्शियल वाहनों को मुकरबा चौक से डायवर्ट किया जाएगा। मुकरबा चौक और वजीराबाद ब्रिज के बीच किसी भी व्यावसायिक वाहन को अनुमति नहीं दी जाएगी।
– कमर्शियल वाहनों को सराय काले खां से डायवर्ट किया जाएगा। सराय काले खां और आईपी फ्लाईओवर के बीच किसी भी व्यावसायिक वाहन को अनुमति नहीं दी जाएगी।
– गाजीपुर बॉर्डर से कॉमर्शियल वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा।
– कमर्शियल वाहनों को अक्षरधाम से डीएनडी की ओर डायवर्ट किया जाएगा। अक्षरधाम और सराय काले खां के बीच किसी भी कमर्शियल वाहन को अनुमति नहीं दी जाएगी।
– कश्मीरी गेट मेन रोड रिंग रोड को बंद किया गया
– उफनती हुई यमुना नदी का पानी आईटीओ तक पहुंच गया है।
– पूर्वी दिल्ली से मध्य दिल्ली और कनॉट प्लेस तक आने-जाने का एक प्रमुख मार्ग है।
– भैरो मार्ग को बंद कर दिया गया है
– आईपी फ्लाईओवर और चंदगी राम अखाड़े के बीच महात्मा गांधी मार्ग
– कालीघाट मंदिर और दिल्ली सचिवालय के बीच महात्मा गांधी मार्ग
– वजीराबाद ब्रिज और चंदगी राम अखाड़े के बीच बाहरी रिंग रोड
राजधानी में जीटी करनाल रोड पर यातायात बाधित हो गया क्योंकि यमुना का पानी चेतावनी के निशान को पार कर गया, जबकि दिल्ली में निगम बोध घाट के पास के इलाके में बाढ़ आ गई।
यमुना के जल स्तर में वृद्धि और निचले इलाकों में बाढ़ के कारण आईपी फ्लाईओवर और चंदगी राम अखाड़े के बीच महात्मा गांधी मार्ग, कालीघाट मंदिर और दिल्ली सचिवालय के बीच महात्मा गांधी मार्ग और बाहरी रिंग रोड पर यातायात बाधित हो गया है। वजीराबाद ब्रिज और चंदगी राम अखाड़ा। अधिकारियों ने यात्रियों को इन सड़कों से बचने और तदनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी है।
राष्ट्रीय राजधानी में यमुना नदी लगातार खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। गुरुवार सुबह जल स्तर 208.48 मीटर तक पहुंच गया। इसके अलावा, गुरुवार सुबह 7 बजे पुराने रेलवे ब्रिज पर यमुना का जल स्तर 208.46 मीटर दर्ज किया गया।
हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के चलते यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया है। दिल्ली के कई इलाकों में घरों में पानी घुस गया। वीडियो सिविल लाइन्स इलाके से है।
दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से रिंग रोड आईटीओ में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हुई, जिसके कारण सड़क यातायात प्रभावित हुआ।
उधर, दिल्ली पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। यमुना का जल स्तर बढ़ने और निचले इलाकों में पानी भर जाने के कारण कुछ सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ है। कृपया किसी भी असुविधा से बचने के लिए सलाह का पालन करें।
दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने राष्ट्रीय राजधानी में बाढ़ की स्थिति पर चर्चा के लिए दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की बैठक बुलाई है। बैठक आज दोपहर 12 बजे एलजी सचिवालय में होगी, बैठक में सीएम अरविंद केजरीवाल भी मौजूद रहेंगे।
दिल्ली में यमुना खतरे के निशान से काफी ऊपर है। हथनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद पानी में बढ़ोतरी हो गई है। खजूरी इलाके में बाढ़ का पानी पहुंच गया है। पुराना किला के नीचले इलाके में पानी घुस गया है। यमुना बाजार इलाके में बाढ़ का पानी पहुंच गया है। केंद्रीय जल आयोग के नवीनतम पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार को दोपहर 3-5 बजे के बीच यमुना का जल स्तर 208.75 मीटर तक पहुंच सकता है।
देश की राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। हथनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद यमुना नदी का पानी तेजी से बढ़ रहा है। गुरुवार सुबह सात बजे यमुना का जलस्तर 208.46 मीटर पर पहुंच गया। राजधानी दिल्ली में यमुना के बढ़े जलस्तर की वजह से निचले इलाकों में पानी भर गया है। इस दौरान लगातार राहत और बचाव कार्य भी चल रहा है। लोग अपना सामान समेटकर सुरक्षित स्थानों की ओर रुख कर रहे हैं। हालांकि बार-बार चेतावनी देने के बावजूद यमुना खादर में मौजूद कुछ लोग घरों को छोड़ने के लिए तैयार नहीं हैं। दिल्ली में कुछ सड़कों को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने भी एडवाइजरी जारी की है। उधर, बाढ़ की स्थिति पर चर्चा के लिए दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की बैठक बुलाई है