जोधपुर जेल में कैदी पर हमला, कैदी का दावा- धर्मांतरण का डाल रहे थे दबाव, बाँट रहे हिंदू विरोधी किताबें, जेलर ने बताया कैदियों के बीच का झगड़ा

0

राजस्थान, चंडीगढ़ 30 जनवरी 2023 (नवीन चन्द्र पोखरियाल, सचित गौतम)

राजस्थान के जोधपुर सेंट्रल जेल में सुभाष नाम के एक बंदी पर हमले का मामला सामने आया है। सुभाष का दावा है कि उस पर धर्मांतरण का दबाव डाला जा रहा था। जेल के भीतर हिंदू विरोधी किताबें बाँटी जाती है। वकार और अशरफ सहित 6 लोगों पर उसने हमले का आरोप लगाया है। ये सभी आतंकवाद के आरोपों में जेल में बंद हैं। यह घटना रविवार दिनांक 29 जनवरी 2023 की है। सुभाष का इलाज चल रहा है। जोधपुर पुलिस ने जाँच की बात कही है। जेलर के हवाले से घटना को कैदियों के बीच का झगड़ा बताया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जोधपुर सेंट्रल जेल के वार्ड नंबर 15 में बंद सुभाष विश्नोई नाम के एक कैदी ने आरोप लगाया है कि लगभग डेढ़ माह से उस पर अशरफ और वकार इस्लाम कबूलने का दबाव बना रहे थे। इससे वह मानसिक तनाव में था। आरोप के मुताबिक रविवार सुबह 11 बजे जब वह अपनी बैरक से बाहर निकला तब अशरफ और वकार सहित आधे दर्जन बंदियों ने उस पर हमला कर दिया। इस हमले में सुभाष की पसलियों में फैक्चर हो गया। साथ ही उसके हाथ और मुँह पर भी चोटें आईं हैं।

जेल प्रशासन को भी कठघरे में खड़ा करते हुए सुभाष ने कहा कि वह 3 दिनों से मौखिक तौर पर इसकी शिकायत अधिकारियों से कर रहा था। पीड़ित के मुताबिक उन्हें लिखित शिकायत के लिए कलम और कागज ही नहीं मिला। बताया जा रहा है कि जेलर राजपाल सिंह ने सुभाष को सुरक्षा का भरोसा दिया था। सुभाष का यह भी आरोप है कि जेल के अंदर हिन्दू धर्म के खिलाफ माहौल बनाया जा रहा है। उसने आरोपित बंदियों पर अन्य बंदियों को हिन्दू धर्म विरोधी किताबें पढ़ाने का भी आरोप लगाया है। सुभाष पर हमला करने के आरोपित करीब 8 साल पहले एटीएस द्वारा आतंकी मामलों में पकड़े गए थे।

उधर अशरफ और वकार के हमले में घायल सुभाष को जोधपुर के महात्मा गाँधी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। हालाँकि जेल प्रशासन ने पॉक्सो केस में बंद सुभाष के आरोपों की पुष्टि नहीं की गई है। इस घटना पर जोधपुर पुलिस कमिश्नर ने डीसीपी पूर्व से वर्तमान कार्रवाई की जानकारी तलब की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *