पंजाब चुनाव 2022: लुधियाना पहुंची मीनाक्षी लेखी का दावा, उत्तर प्रदेश को ठीक किया अब पंजाब की बारी

केंद्रीय विदेश, एवं संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने दावा किया कि पंजाब में जितने भी बड़े प्रोजेक्ट पूरे हुए या चल रहे हैं, वे केंद्र की भाजपा सरकार ने ही दिए हैं।
केंद्र के प्रोजेक्ट को पंजाब की कांग्रेस सरकार भुनाने में लगी है। तीन स्मार्ट सिटी, दरबार साहिब हेरिटेज, चमकौर साहिब,हुसैनी वाला समाधि स्थल केंद्र ने ही तैयार किए हैं। मीनाक्षी ने विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि अमृतसर में भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल के नवीनीकरण का काम केंद्र सरकार ने कर के दिखाया, यह किसी अन्य सरकार ने नहीं किया। ऐतिहासिक स्मारक जलियांवाला बाग का नवीनीकरण भी केंद्र ने ही किया।
इसके अलावा पंजाब के प्रमुख धार्मिक स्थलों में आनंदपुर साहिब, चमकौर साहिब, फतेहगढ़ साहिब जो धार्मिक स्थलों पर भी केंद्र सरकार ने बहुत से डेवलेपमेंट किया है। लुधियाना-फिरोजपुर एलेवेटेड रोड का निर्माण कार्य भी केंद्र की ही देन है। केंद्र सरकार ने पंजाब के विकास में कोई कमी नहीं आने दी। मीनाक्षी लेखी ने कहा कि जनकल्याण की दिशा में उठाए गए कदम, अनुच्छेद 370 को निष्प्रभावी और आतंकवाद पर नकेल, मोदी सरकार के आर्थिक फैसले, राम मंदिर निर्माण का ऐतिहासिक निर्णय, सालों पुरानी शिक्षा नीति में बदलाव, फुटकर और थोक व्यापार को एमएसएमई में शामिल किया, जिसका जरूरतमंद लोगों को फायदा हुआ। मीनाक्षी लेखी ने कहा कि उनकी पार्टी की सरकार ने उत्तर प्रदेश को सुधार दिया और अब पंजाब की बारी है। पंजाब के लोगों को अच्छी योजनाएं चाहिए, तभी समाज आगे जाता है। उन्होंने कहा कि हमें असलियत पता है। केंद्र की उपलब्धियां गिनाते हुए लेखी ने कहा कि देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर में भारत का सम्मान बढ़ा है।
ये रहे माैजूद
इस अवसर पर भाजपा के जिला प्रधान पुष्पिंदर सिंगल, युवा मोर्चा के राट्रीय नेता सुभम छाबड़ा, पंजाब प्रवक्ता अनिल सरीन, भाजपा लुधियाना के महामंत्री राम गुप्ता, कांतेन्दु शर्मा, लुधियाना विधानसभाओं के उम्मीदवारों में परवीन बंसल, एडवोकेट बिक्रम सिद्धू, गुरदेव शर्मा देबी, जगमोहन शर्मा, प्रेम मित्तल, प्रेस सचिव डा.सतीश कुमार, आईटी व सोशल मीडिया के जिला सह सयोजक हर्ष सरीन आदि मौजूद थे।