संघ के स्वयंसेवकों ने अपना बलिदान देकर देश की एकता और अखंडता बचाया – सोमप्रकाश केंद्रीय राज्य मंत्री

चंडीगढ,मोगा(विवेक गौतम कोटला)
विरसा संभाल मुहिम पंजाब के संयोजक रामगोपाल ने कहा कि आज समाज के हर क्षेत्र में पतन की बड़ी वजह ये रही कि हमने अपने जीवन में शौहरत कमाई, दौलत कमाई लेकिन राष्ट्रीय सोच को विकसित नहीं कर सके उसी के परिणाम स्वरूप समाज के सामने कई चुनौतियां आज हमारे सामने खड़ी है .. पँजाब में धर्मांतरण भी एक चुनौती के रुप में जिस तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है, अगर आज हम जागरूक नहीं हुए तो पंजाब को अरुणाचल बनाने का दावा करने वाले लोग अपने मिशन में सफल हो जायेगे और पंजाब अपनी विरासत खो देगा। मणिपुर में आज जो कुछ हो रहा है, वो इन्हीं साजिशों की वजह से हो रहा है।
विरसा संभाल मुहिम पंजाब के संयोजक रामगोपाल रविवार को यहांं शहीदी स्मारक स्थल पर मोगा में 25 जून 1989 को आतंकी हमले में शहीद हुए 25 स्वंयसेवकों के श्रद्धाजंलि समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केन्द्रीय उद्योग राज्य मंत्री सोमप्रकाश थे। उन्होंने शहीद स्मारक पर पहुंचकर मोगा के शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
श्रद्धाजंलि सभा में रामगोपाल ने कहा कि अपने स्वार्थ के लिए जीना, अपने लिए जीना या परमात्मा के लिए जीना ये देश का स्वभाव बन गया है। हमारी सोच में देश व समाज नहीं रहा, इसी कारण विश्व गुरु बना भारत, दुनिया भर के विद्वानों से भरा पड़ा भारत बार-बार गुलाम बना। दुनिया में एक मात्र देश भारत हैं जो धरती को अपनी मां मानता है, यहां के लोग वसुधैव कुटुम्बकुम की सोच के साथ जीते हैं। चिंता की बात ये है कि दुनिया को परिवार मानने वाले लोगों की संख्या धर्मांतरण की साजिशों के चलते कम हो रही है, दुनिया को बाजार मानने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने आगाह किया कि सनातन को मानने वाला एक मात्र देश हिंदुस्तान है, सनातन विचारधारा वाले लोग आज संकट के दौर से गुजर रहे हैं। अगर धर्मांतरण की साजिश रचने वाले लोग सफल हो गए तो सनातनी विधारधारा के लोग कहां जाएंगे, आज देश के सामने ये सबसे बड़ा संकट है।
रामगोपाल ने श्री गुरु गोविंद सिंह जी का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने धर्म की रक्षा की खातिर, देश की खातिर अपने पूरे परिवार का बलिदान कर दिया। रामगोपाल ने सवाल उठाया कि कुछ लोग कहते हैं कि कोई धर्म बदल लेता है तो इससे क्या हो जाएगा, उन्होंने पूछा ऐसी सोच रखने वालों को सोचना चाहिए कि धर्म बदलने से कुछ नहीं बदलता तो हमारे गुरु साहिबानों ने क्यों पूरे परिवार का बलिदान धर्म की रक्षा की खातिर दे दिया। हमें ये बातें आज समझनी होंगी।
केन्द्रीय उद्योग राज्य मंत्री सोम प्रकाश ने आतंकवाद के दौर का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब में आज फिर से हालात बिगड़ रहे हैं, हमें सचेत होने की जरूरत है, उन्होंने रामगोपाल जी के उस शब्द को याद दिलाते हुए कहा कि हमें अपनी बागडोर देश की सोच रखने वालों, मजबूत इरादा रखने वालों को सौंप देनी चाहिए, तभी देश व समाज का भला हो सकता है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने पुराने दिनों की याद करते हुए कहा कि आतंकवाद को अकेले पुलिस ने नहीं हराया, पुलिस की काफी अच्छी भूमिका रही है लेकिन पंजाब में आतंकवाद को पंजाब के लोगों ने हराया, हिंदू सिख एकता को तोड़ने की तमाम साजिश रची गईं, इसके बावजूद साजिश रचने वालों के हिंदू सिख एकता को तोड़ने की साजिश सफल नहीं हो सकी, आज पंजाब को फिर से पंजाब के लोग ही पतन से बाहर लाकर समृद्ध पंजाब बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। उस बुरे दौर में संघ ने राष्ट्रवाद की सोच के साथ समाज को जोड़ने का जो काम किया वह निसंदेह प्रशंसनीय है।
इस मौके पर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, मोगा पीड़ित सहायता व स्मारक समिति के अध्यक्ष अनिल बंसल, भाजपा नेता मोहनलाल सेठी, भाजपा के प्रदेश महासचिव जीवन गुप्ता ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता विनोद धमीजा ने की. मंच संचालन समिति के चेयरमैन डा.राजेश पुरी ने किया, जबकि इस सफल आयोजन के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष डा.सीमांत गर्ग ने सभी का आभार व्यक्त किया।