चंडीगढ़ का बहुचर्चित एमएमएस कांड-‘उसे ब्लैकमेल किया जा रहा था’, एमएमएस कांड की आरोपित छात्रा के वकील का दावा, पुलिस ने तीनों आरोपितों को 7 दिन के रिमांड पर लिया

नई दिल्ली/चंडीगढ़ 19 सितम्बर 2022 (नवीन चन्द्र पोखरियाल, विवेक गौतम)
चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में वायरल वीडियो विवाद के बाद हुए प्रदर्शन के 2 दिन बीत जाने के बाद आरोपित लड़की के मोबाइल से 2 वीडियो मिलने की सूचना है। बताया जा रहा है कि इसमें से एक वीडियो खुद गिरफ्तार लड़की का है, जबकि दूसरा किसी और लड़की का। पुलिस ने इन दोनों वीडियो को जाँच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा है। यह जानकारी आरोपित लड़की के वकील संदीप शर्मा ने मीडिया को सोमवार (19 सितम्बर, 2022) को दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपित लड़की के वकील का ये भी कहना है कि लड़की को एक लड़के द्वारा ब्लैकमेल किया जा रहा था। इस से पहले मोहाली पुलिस और चंडीगढ़ विश्वविद्यालय ने कहा था कि लड़की ने सिर्फ अपने वीडियो अपने दोस्त को भेजे थे न कि किसी और लड़की के। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जाँच में उन्हें आरोपित लड़की के मोबाइल फोन में किसी और का वीडियो नहीं मिला था। इस बीच पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपितों को खरार कोर्ट से 7 दिन की रिमांड पर लिया है। अब पुलिस इन तीनों से विस्तृत पूछताछ करेगी।

तीनों की पेशी के दौरान कोर्ट में मीडियाकर्मियों के साथ कई अन्य लोगों की भारी भीड़ थी। पुलिस ने तीनों आरोपितों की सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम भी किए थे। गिरफ्तार तीनों आरोपित (1 छात्रा और 2 छात्र) इसी चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में ही पढ़ाई करते हैं। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने भी कड़े कदम उठाते हुए गर्ल्स हॉस्टल की 2 वॉर्डन को सस्पेंड कर दिया है। सस्पेंड होने वाली कर्मचारियों में वह महिला वॉर्डन भी शामिल है, जिसे एक अन्य वायरल वीडियो में आरोपित छात्रा को डाँटते देखा गया था।
दरअसल चंडीगढ़ विश्वविद्यालय पंजाब और हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ से लगभग 20 किलोमीटर दूर मोहाली, पंजाब में स्थित एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी है। इस मामले के सामने आने के बाद कुछ लड़कियों द्वारा आत्महत्या के प्रयास के दावों का खंडन करते हुए पुलिस ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लड़कियाँ बेहोश हो गईं थी, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
गौरतलब है कि 18 सितम्बर ,2022 को अचानक ही चंडीगढ़ विश्वविद्यालय में एक छात्रा पर 60 लड़कियों का नग्न वीडियो बनाने का आरोप लगा कर हंगामा खड़ा हो गया। कई लड़कियों ने सड़क पर उतर कर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। चंडीगढ़ पुलिस ने हालात को सँभालने का प्रयास किया और आरोपित छात्रा सहित हिमाचल प्रदेश से 31 और 23 वर्षीय 2 छात्रों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में अभी जाँच की जा रही है।