श्रीखंड महादेव:72 फीट ऊंचे शिवलिंग की होती है पूजा, जानिए क्यों है अमरनाथ से भी दुर्गम रास्ता!

चंडीगढ (विवेक गौतम कोटला)
कैलाश मानसरोवर, अमरनाथ या फिर केदारनाथ भगवान शिव के किसी भी स्थान पर पहुंचना कोई बच्चों का खेल नहीं होता है। हजारों फीट की ऊंचाई, कठिन मौसम और दुर्गम चढ़ाई पार करने के बाद ही महादेव के दिव्य स्वरूप का दर्शन मिल पाता है।
आज हम जिस दुर्गम चढ़ाई की बात कर रहे हैं उसके बारे में कहा जाता है कि यह अमरनाथ की चढ़ाई से भी ज्यादा कठिन है।

लेकिन जो व्यक्ति इस चढ़ाई को पूरी कर लेता है उसे होते हैं महादेव के 72 फीट ऊंचे दिव्य शिवलिंग के दर्शन। जी हां, आज हम बात कर रहे श्रीखंड महादेव की कठिन यात्रा के विषय में।
कहां है श्रीखंड महादेव?
श्रीखंड महादेव का धाम हिमाचल प्रदेश के शिमला के पास है। भगवान शिव के दर्शन के लिए भक्तों को एक-दो नहीं बल्कि 35 किमी की चढ़ाई करनी पड़ती है। लगभग 18,570 फीट की चढ़ाई करने के बाद भक्तों को महादेव के इस दिव्य पर्वतनुमा शिवलिंग के दर्शन मिलते हैं। यह यात्रा कोई आसान नहीं बल्कि बेहद जोखिम भरा होता है। श्रीखंड महादेव की पवित्र यात्रा साल भर नहीं बल्कि जुलाई में होती है।

अत्यधिक ऊंचाई पर होने की वजह से यह जगह पूरी तरह से बर्फ से ढका रहता है। यह ऐसी खतरनाक चढ़ाई है जिसे एक बार पूरी करने वाला तीर्थ यात्री शायद ही दोबारा आने के बारे में सोचे। इसलिए ऐसा कहा जा सकता है कि श्रीखंड महादेव के दर्शन कोई भी भक्त जीवन में सिर्फ एक बार ही कर सकता है।
क्यों है अमरनाथ से कठिन चढ़ाई?
आप सोच रहे होंगे कि महज 35 किमी की चढ़ाई को अमरनाथ से भी ज्यादा खतरनाक क्यों माना जाता है। दरअसल, इस यात्रा के दौरान ना तो कोई घोड़ा, ना खच्चर और ना ही पालकी जाती है। अमरनाथ की चढ़ाई 13 हजार फीट की होती है लेकिन श्रीखंड महादेव की चढ़ाई 18 हजार फीट से ज्यादा होती है।

और यह चढ़ाई को भक्तों को खुद ही पूरी करनी पड़ती है। इस वजह से ही इस यात्रा को अमरनाथ यात्रा से भी ज्यादा कठिन माना जाता है। कई जगह यात्रा पथ के दौरान बर्फिले मार्ग के दोनों तरफ गहरी खाई भी मिलती है। बर्फ की वजह से पैर फिसल जाने का डर भी बना रहता है। जो इस यात्रा को और भी ज्यादा कठिन बना देता है।
क्या है श्रीखंड महादेव का इतिहास?
पौराणिक मान्यता के अनुसार भस्मासुर नाम के एक असुर ने भगवान शिव की तपस्या की और उनसे वरदान मांगा कि वह जिस पर भी अपने हाथ रख दे, वह तुरंत भस्म हो जाए। महादेव ठहरे भोलेनाथ। उन्होंने भस्मासुर को यह वरदान दे भी दिया। बस फिर क्या था, भस्मासुर महादेव को ही भस्म करने के लिए उनके पीछे पड़ गया। कहा जाता है कि उस समय महादेव इसी स्थान पर श्रीखंड महादेव पर्वतश्रृंखला की एक गुफा में छिप गये थे।

तब भगवान विष्णु ने मोहिनी रूप धरा और उन्होंने भस्मासुर के साथ नृत्य करते हुए उसे अपने ही सिर पर हाथ रखने के लिए विवश कर दिया। इसके बाद भस्मासुर जलकर राख हो गया। तब कहीं जाकर महादेव उस गुफा से बाहर निकले। कुल्लुवासियों का मानना है कि महादेव आज भी श्रीखंड महादेव के रूप में यहां निवास करते हैं।
कैसे पहुंचे श्रीखंड महादेव?
श्रीखंड महादेव कुल्लू जिले के निरमंड में स्थित है। यहां तक पहुंचने के लिए शिमला के रामपुर से कुल्लू के निरमंड आना होता है। वहां से बागीपुल और जाओं तक कार या बस से जा सकते हैं। इसके बाद आगे का 35 किमी रास्ता पैदल तय करके ही श्रीखंड महादेव के दर्शन मिलते हैं। रास्ते में यात्रियों के लिए 3 पड़ाव बनाए जाते हैं : सिंहगाड़, थाचडू और भीम डवार।

श्रीखंड महादेव के पैदल मार्ग पर कई मंदिर भी पड़ते हैं, जिसमें जाओं में माता पार्वती का मंदिर, परशुराम मंदिर, दक्षिणेश्वर महादेव का मंदिर, बकासुर वध स्थल, ढंक द्वार आदि कई पवित्र स्थान पड़ते हैं।
बता दें, इस साल (2023) में भी श्रीखंड महादेव की यात्रा 7 जुलाई से शुरू हुई थी जो 20 जुलाई तक चलने वाली थी। लेकिन ग्लेशियरों के पिघलने और भारी बारिश की वजह से यह जोखिमभरा रास्ता और भी खतरनाक बन जाने की वजह से इस साल यह यात्रा पूरी तरह से स्थगित कर दी गयी है। अगले साल ही अब श्रीखंड महादेव के दर्शन हो सकेंगे।