तजिंदर बग्गा गिरफ्तार: भाजपा नेता को घर से उठा ले गई पंजाब पुलिस, कुमार विश्वास बोले- प्रिय मान, मत करो पुलिस का अपमान

0

चंडीगढ़ (आज़ाद वार्ता)

भाजपा नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बग्गा की गिरफ्तारी के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ता जनकपुरी पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अरविंद केजरीवाल और पंजाब पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की।

बग्गा के पिता प्रीतपाल सिंह बग्गा ने बताया कि आज सुबह 10-15 पुलिसकर्मी हमारे घर आए और तजिंदर को घसीटकर बाहर निकाला। जब मैंने घटना का वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए अपना मोबाइल फोन उठाया, तो पुलिस मुझे दूसरे कमरे में ले गई। यहां पुलिस ने मेरे चेहरे पर मुक्का मारा।

बग्गा की गिरफ्तारी के बाद भाजपा केजरीवाल पर हमलावर है। दिल्ली भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने ट्वीट कर कहा कि तजिंदर बग्गा को पंजाब पुलिस के 50 जवान घर से गिरफ्तार करके ले गए। तजिंदर बग्गा एक सच्चा सरदार है। उसे ऐसी हरकतों से ना डराया जा सकता है, ना कमजोर किया जा सकता है। मिश्रा ने केजरीवाल सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक सच्चे सरदार से इतना डर क्यों ?

इस मामले पर हरियाणा भाजपा नेता अरुण यादव ने दिल्ली के मुख्ययमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल तजिंदर बग्गा से डर गए हैं। अब पंजाब पुलिस का सहारा ले रहे हैं। ट्वीट कर यादव ने मामले में गृह मंत्री अमित शाह से संज्ञान लेने के लिए कहा है।

आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश बाल्यान ने कहा कि भाजपा नेता तजिंदर बग्गा को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बग्गा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को धमकी दी थी।

केजरीवाल के खिलाफ विवादित ट्वीट करने का आरोप

तजिंदर पाल सिंह बग्गा पर केजरीवाल के खिलाफ विवादित ट्वीट करने का आरोप है। इस मामले में उनके खिलाफ मोहाली साइबर क्राइम ने केस दर्ज किया था। आम आदमी पार्टी (आप) के प्रवक्ता सन्नी आहलूवालिया की शिकायत पर यह मुकदमा पंजीकृत किया गया था। बग्गा पर आरोप है कि उन्होंने केजरीवाल को जान से मारने की धमकी दी। इस बारे में बग्गा के एक विवादित ट्वीट का हवाला दिया गया है, जो दिल्ली विधानसभा में ‘द कश्मीर फाइल्स’ फिल्म पर केजरीवाल के बयान के बाद बग्गा ने किया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बग्गा ने केजरीवाल को धमकी भरे लहजे में एक के बाद एक कई ट्वीट किए।

बिना सूचना के आई पंजाब पुलिस

एक ट्वीट में बग्गा ने कहा था कि मेरे खिलाफ एक नहीं 100 एफआईआर करो लेकिन केजरीवाल कश्मीरी पंडितों के नरसंहार को झूठा बोलेंगे तो मैं विरोध करूंगा। अगर वे कश्मीरी पंडितों के नरसंहार पर ठहाके लगा के हंसेंगे तो मैं विरोध करूंगा। चाहे उसके लिए मुझे जो अंजाम भुगतना पड़े, मैं तैयार हूं।

क्या कहा था केजरीवाल ने

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बजट सत्र को संबोधित करते हुए ‘द कश्मीर फाइल्स’ फिल्म को टैक्स फ्री करने की भाजपा की मांग पर हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि टैक्स फ्री करने के बजाय फिल्म को यूट्यूब पर डाल दो।

कुमार विश्वास- पंजाब ने तुम्हारी पगड़ी को ताज सौंपा है, किसी बौने दुर्योधन को नहीं

बग्गा की गिरफ्तार के बाद आम आदमी पार्टी के नेता रहे कुमार विश्वास ने पंजाब के सीएम भगवंत मान को राजनीति के धर्म का पाठ पढ़ाया है। ट्वीट कर उन्होंने कहा कि प्रिय छोटे भाई भगवंत मान खुद्दार पंजाब ने 300 साल में दिल्ली के किसी असुरक्षित तानाशाह को अपनी ताकत से कभी नहीं खेलने दिया। पंजाब ने तुम्हारी पगड़ी को ताज सौंपा है, किसी बौने दुर्योधन को नहीं। पंजाब के लोगों के टैक्स के पैसों व उनकी पुलिस का अपमान मत करो…पगड़ी सम्भाल जट्टा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये भी पढ़ें