आप नेता को थप्पड़ मारने का मामला,कार्यकर्ताओं ने मौलीजागरां थाने का किया घेराव,लगाया जाम

चंडीगढ़,12 नवंबर(केवल भारती)
मौलीजागरां में आम आदमी पार्टी के नेता को पुलिस कर्मी द्वारा थप्पड़ मार दिया। जिसके विरोध में आप कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों ने संबंधित थाने का घेराव कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कई घंटे तक धरने पर बैठे लोगों व कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर सड़क पर जाम लगा दिया। इसके बाद थाना प्रभारी ने खुद मौके पर पहुंचकर आप कार्यकर्ताओं को समझाया और आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद आप कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त किया। आप के सह प्रभारी प्रदीप छाबड़ा ने इस पूरी घटना के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रशासन समेत पुलिस को भी अपने काबू में किया है। उन्होंने आगे कहा कि आप के बढ़ते कद से भाजपा नेताओं की बौखलाहट बढ़ गई है जिसके बाद वह आप नेताओं व कार्यकर्ताओं को दबाने के लिए हर प्रकार के हथकंडे अपना रहे हैं।