चंडीगढ़ में बदला मौसम: बर्फीली हवाओं से कांपे लोग, 2011 के बाद एक दिसंबर का दिन रहा सबसे ठंडा

पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के चलते चंडीगढ़ में भी मौसम का मिजाज बदल गया। शहर में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहे। साथ ही ठंडी हवाएं चलीं। मौसम विभाग के अनुसार, एक दिसंबर का दिन चंडीगढ़ में बीते 10 वर्षों में सबसे ठंडा दिन रहा।
ऐसी ठंड एक दिसंबर को इससे पहले वर्ष 2011 में पड़ी थी।
अधिकतम पारा सामान्य से पांच डिग्री तक गिर गया, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का एहसास हुआ। अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री दर्ज किया गया। ये सामान्य से पांच डिग्री कम रहा। बुधवार को दिनभर सूरज नहीं निकला। वहीं, शाम होने के साथ ठंड भी बढ़ती गई। ठिठुरन के बढ़ने से लोग भी घरों में जल्दी दुबक गए। दिसंबर माह के पहले हफ्ते में औसतन तापमान 24 डिग्री से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहती है, लेकिन बुधवार को 10 साल में पहली बार पारा 20 डिग्री से भी कम आ गया।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को शहर में हल्के बादल छाए रहेंगे और तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। गुरुवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। विभाग ने आशंका जताई है कि रविवार के दिन मौसम खराब हो सकता है और बारिश भी हो सकती है। इससे तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।वर्ष अधिकतम न्यूनतम
2021 19.8 11.3
2020 24.3 9.0
2019 24.0 9.9
2018 25.5 8.6
2017 24.5 7.5
2016 27.0 13.0
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से उत्तरी हिमालय क्षेत्र में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी का दौर शुरू हो रहा है। इसका असर पूरे उत्तर भारत में देखने को मिला। बुधवार को दिन भर बादल छाए रहे। इससे लोगों को ठंड का अहसास हुआ। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अब धीरे-धीरे तापमान गिरेगा। दो व तीन दिसंबर को कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। छह दिसंबर को मौसम में भारी बदलाव आएगा। इस दिन पूरे पंजाब में अच्छी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस, अमृतसर में 23.2 डिग्री, लुधियाना में 20.2 डिग्री, पटियाला में 20.5 डिग्री और अमृतसर में 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के बाद तेजी से तापमान लुढ़कना शुरू होगा और उत्तरी हिमालय से आने वाली शीत हवाएं पूरे उत्तर भारत में ठंड बढ़ाएंगी।